UP में हड़ताल पर 20 लाख राज्य कर्मचारी और शिक्षक

www.khaskhabar.com | Published : मंगलवार, 20 सितम्बर 2016, 12:47 PM (IST)

लखनऊ। करीब सवा महीने बाद राज्य कर्मचारी, शिक्षक और शिक्षणेत्तर कर्मचारियों ने फिर हड़ताल का बिगुल फूंक दिया है। आज से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए हैं। वेतन विसंगति दूर करने सहित उनकी 18 मांगे हैं। हड़ताल में नर्स और फार्मासिस्ट के शामिल होने से मरीजों को परेशानी हो रही है।

प्रदेश के मुख्य सचिव राहुल भटनागर ने कल देर शाम कर्मचारियों ने वार्ता करके उनकी मांगों में मौखिक सहमति जताई। लेकिन लिखित समझौता हासिल न होने के कारण कर्मचारी-शिक्षक संयुक्त मोर्चा ने करीब 20 लाख से अधिक कर्मचारियों के हड़ताल पर रहने की घोषणा कर दी है।

मोर्चा के अध्यक्ष वीपी मिश्र और संयोजक सतीश कुमार पांडेय ने बताया कि राज्य सरकार के दफ्तर, निगम, निकाय, प्राधिकरण और अस्पतालों के सभी कर्मचारी हड़ताल पर रहेंगे। उन्होंने कहा कि लखनऊ में हड़ताल के दौरान पीजीआई, केजीएमयू, बलरामपुर अस्पताल, सिविल अस्पताल, लोहिया अस्पताल, सीएमओ कार्यालय और स्वास्थ्य भवन में रोजमर्रा के काम और एमरजेंसी चिकित्सा एवं पोस्टमार्टम का काम भी ठप कर दिया जाएगा।