जयंती समारोह में किया नृत्य नाटिका ‘गोपीचन्द’ का मंचन

www.khaskhabar.com | Published : मंगलवार, 20 सितम्बर 2016, 10:28 AM (IST)

बीकानेर। संगीत मनीषी डॉ. जयचन्द्र शर्मा की 97वीं जयन्ती के अवसर पर टाउन हॉल में अनुराग कला केन्द्र द्वारा डॉ. जयचन्द्र शर्मा जयन्ती समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में लोकगायिका श्रीमती राजकुमारी मारू को स्व. जयन्ती देवी लोक संगीत सम्मान-2016 से विभूषित किया गया। देर रात तक चले इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि डॉ. गोपालकृष्ण जोशी ने कहा कि डॉ. जयचन्द्र शर्मा ने राष्ट्र स्तरीय कलाकारों को बीकानेर से जोडऩे में महती भूमिका निभायी। विशिष्ट अतिथि वरिष्ठ साहित्यकार भवानी शंकर व्यास ‘विनोद’ ने कहा कि जयचन्द्र ने संगीत शिक्षा, प्रदर्शन, संगीत साधना सहित विभिन्न क्षेत्रों में बहुआयामी कार्य करते हुए संगीत को जन-जन के हृदय तक पहुंचाने का मार्ग प्रशस्त किया। डॉ. सीताराम गोठवाल ने कहा कि डॉ. शर्मा ने संगीत क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करते हुए देश-विदेश में बीकानेर को गौरवान्वित करने के साथ-साथ कलाकारों को भी समुचित मान-सम्मान दिलाया। कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व महापौर भवानीशंकर शर्मा ने कहा कि डॉ. शर्मा ने बीकानेर की प्रतिभाओं को निखारते हुए राष्ट्रीय स्तर पर स्थापित किया। कार्यक्रम के संयोजक अशफाक कादरी ने संगीत मनीषी डॉ. जयचन्द्र शर्मा के व्यक्तित्व-कृतित्व एवं श्री संगीत भारती की गतिविधियों पर प्रकाश डाला।

नृत्य नाटिका ने मोहा

डॉ. कल्पना शर्मा के निर्देशन में श्री संगीत भारती के कलाकारों ने साहित्य मनीषी नानूराम संस्कर्ता की रचना ‘गोपीचन्द’ को नृत्य नाटिका के रूप में प्रस्तुत किया। युवा रंग-निर्देशक सुधेश व्यास की परिकल्पना एवं वरिष्ठ संगीतज्ञ डॉ. मुरारी शर्मा की नृत्य रचना में जयश्री तरफदार ने गोपीचन्द, सम्पत ने रानी तथा शुभाशीष ने गुरू जलंधर नाथ की भूमिका निभाई। मूमल राजपुरोहित, मोनिका प्रजापत, भूमिका पंवार, मयूर, सागर चौहान ने विविध भूमिकाओं का निर्वहन किया। नृत्य नाटिका में यश्वी गाड़ोदिया, हर्षिता पारख, लक्षिता पित्ती, अनुष्का मारू, खुशी गर्ग, शाहनवी राना, वरदा तिवारी, रिषिता अरोड़ा, चारूलता शर्मा, इशनूर कौर, नेहल सेठी, खुशी झा, वेन्या मित्तल, रीषिता दुबे, हर्षिता सक्सेना, जिज्ञासा गुप्ता, युक्ति भार्गव ने कथक नृत्य किया। नाटिका में प्रकाश व्यवस्था श्याम सुन्दर भोजक तथा ध्वनि व्यवस्था संजय जोशी ने संभाली।