HC की तल्ख टिप्पणी-माल्या उड गए किंगफिशर पक्षी की तरह

www.khaskhabar.com | Published : सोमवार, 19 सितम्बर 2016, 8:50 PM (IST)

मुंबई। बॉम्बे हाईकोर्ट ने बैंकों के नौ हजार करोड लेकर देश से भागे शराब कारोबारी विजय माल्या पर सोमवार को सख्त टिप्पणी की। अदालत ने कहा कि माल्या ने अपनी कंपनी का नाम किंगफिशर सही रखा था, क्योंकि इस नाम के पक्षी की तरह वह भी बिना किसी सीमा की चिंता किए उडकर दूर चले गए।


जस्टिस एससी धर्माधिकारी और जस्टिस बी पी कोलाबावाला की पीठ ने सेवा कर विभाग द्वारा दाखिल एक अपील और एक याचिका पर सुनवाई के दौरान यह टिप्पणी की। जस्टिस धर्माधिकारी ने कहा, क्या किसी को मालूम है कि माल्या ने अपनी कंपनी का नाम किंगफिशर क्यों रखा। इतिहास में कोई भी इस कंपनी के लिए इससे बेहतर नाम नहीं रख सकता था। क्योंकि किंगफिशर एक पक्षी है, जो दूर तक उड सकता है। इसे कोई सीमा नहीं रोक सकती। ठीक वैसे ही माल्या को कोई नहीं रोक सका।


इसके साथ ही अदालत ने सेवा कर विभाग की अपील स्वीकार कर लिया। याचिका में विभाग ने ऋण वसूली प्राधिकरण द्वारा 2014 में दिए गए एक आदेश को चुनौती दी है। सेवाकर विभाग के मुताबिक माल्या की कंपनी किंगफिशर पर यात्रियों को अप्रैल 2011 से सितंबर 2012 के बीच बेचे गए टिकटों पर 33.78 करोड रूपये का सेवाकर बकाया है। विभाग का माल्या पर कुल बकाया 532 करोड रूपये है।


इसके साथ ही विभाग ने दूसरी याचिका दायर कर माल्या के निजी विमान की नीलामी पर रोक लगाने की मांग की है। विभाग के मुताबिक सबसे बडे बोलीदाता ने जो बोली लगाई है, वह विमान की कुल लागत का सिर्फ 80 प्रतिशत ही है। अदालत ने इस याचिका पर सुनवाई के लिए 26 सितंबर की तारीख तय की है। गौरतलब है कि विभाग ने माल्या के जेट एयरबस 319 को जब्त कर लिया है। इसमें 25 यात्री और चालक दल के छह सदस्य यात्रा कर सकते हैं।