शकरपुर में कारोबारी की चाकू घोंप हत्या

www.khaskhabar.com | Published : सोमवार, 19 सितम्बर 2016, 8:19 PM (IST)

नई दिल्ली। रविवार देर रात यमुनापार गुरू रामदास नगर में बदमाशों ने एक गारमेंट्स कारोबारी की चाकू घोंपकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के लिए हमलावरों ने उसे कॉल कर घर के बाहर बुलाया था। हत्या के कारणों का फिलहाल खुलासा नहीं हो पाया है। आपसी रंजिश व रूपयों के लेन-देन को लेकर वारदात को अंजाम देने की आशंका जताई जा रही है। बहरहाल पुलिस सभी कोणों को ध्यान में रखते हुए माले की जांच कर रही है।


मारे गए कारोबारी की पहचान 40 वर्षीय सुभाष कुमार यादव के रूप में हुई है। रविवार रात सुभाष घर में सोने की तैयारी कर रहा था। इस बीच कुछ लोगों ने कॉल कर उसे घर के बाहर बुलाया था। घर से चंद कदमों की दूरी पर ही उनलोगों से बातचीत के दौरान कहासुनी हुई और फिर उन्होंने सुभाष पर चाकू से हमला कर दिया।

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी हमलावर मौके से फरार हो गए। उधर जख्मीहालत में कारोबारी को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मामले की जांच में जुटी पुलिस कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) और घर के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज के जरिये आरोपियों की पहचान करने में जुटी हुई है।