सात दिन कार्य के बदले मिलेगा पांच हजार रुपए का भत्ता

www.khaskhabar.com | Published : सोमवार, 19 सितम्बर 2016, 5:05 PM (IST)

चंडीगढ़। हरियाणा की राजनीति में अपने पांव जमाने की कवायद में लगी वोटर्स पार्टी ने सोमवार को प्रदेश के लिए अपना रोड़ मैप जारी करते हुए सभी राजनैतिक दलों की नीतियों के विरोध में राज्य की जनता को जागरूक करने का ऐलान किया है। वोटर्स पार्टी के प्रदेश संयोजक सहीराम रावत ने सोमवार को कहा कि प्रदेश में अब तक राज करने वाले सभी राजनैतिक दलों ने हरियाणा की जनता को वोट लेकर गुमराह किया है। रावत ने प्रदेश में पार्टी के एक लाख से अधिक कार्यकर्ता होने का दावा करते हुए कहा कि आज लोग उनकी पार्टी की नीतियों के साथ जुड़ते जा रहे हैं। हरियाणा में बहुत से अस्पताल ऐसे हैं जो सरकार से महंगी जमीनों को सस्ता तो ले रहे हैं लेकिन जरूरतमंद लोगों का उपचार नहीं कर रहे हैं। प्रदेश के सभी जिलों में जल्द से जल्द कार्यकारिणी घोषित किए जाने का ऐलान करते हुए उन्होंने कहा कि आज हरियाणा में सबसे बड़ी समस्या बेरोजगारी की है। इसलिए वोटर्स पार्टी द्वारा सत्ता में आने के बाद बेरोजगारों को स्वैच्छिक रोजगार मिलने तक उनसे माह में सात दिन काम लेकर 5000 रुपए प्रतिमाह भत्ता दिया जाएगा।