सर्जरी बाद केजरीवाल का पहला संदेश-आओ, मच्छरों को मारें

www.khaskhabar.com | Published : रविवार, 18 सितम्बर 2016, 11:06 PM (IST)

नई दिल्ली। बेंगलुरू से अपने गले का ऑपरेशन कराकर लौटे दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने एक वीडियो संदेश जारी कर अपील की है कि सभी दल और एजेंसियां एकजुट होकर डेंगू और चिकनगुनिया की जड यानी मच्छर की समस्या से लडाई शुरू करें।


केजरीवाल ने करीब साढे तीन मिनट के वीडियो संदेश में कहा,जब हम ऑड-ईवन कर सकते हैं, तो क्या हम मच्छरों को नहीं मार सकते। मैंने स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन को कहा है कि जितनी फॉगिंग मशीन चाहिए, खरीद लो, सोमवार से हर दूसरे दिन फॉगिंग होगी और दवाई छिडकी जाएगी, जिससे मच्छर की समस्या का अंत हो सके।


केजरीवाल जानते हैं कि ये मसला ऎसा है जिसपर सबको साथ लिए बिना वो कामयाब नहीं हो पाएंगे, इसलिए उन्होंने कहा कि सब साथ आएं, चाहे एमसीडी हो,सरकार हो। कांग्रेस, बीजेपी से भी मैं बात करूंगा। मच्छर कोई ये देखकर नहीं काटता कि ये बीजेपी वाला है या कांग्रेस वाला या आप वाला, इसलिए सब साथ में आओ और मिलकर मच्छरों के खिलाफ युद्ध छेड दो।


इस वीडियो में केजरीवाल के गले के ऑपरेशन के चलते उनका बदला हुआ बोलने का तरीका दिख रहा है। केजरीवाल फिलहाल कुछ दिन घर से ही कामकाज संभालेंगे।