राज रीबूट, वीकऐंड 18 करोड, सीरीज बंद होगी!

www.khaskhabar.com | Published : रविवार, 18 सितम्बर 2016, 10:52 PM (IST)

अमिताभ बच्चन अभिनीत ‘पिंक’ से पहले दिन व्यावसायिक मोर्चे पर 2 करोड की बढत लेने वाली विक्रम भट्ट निर्देशित और इमरान हाशमी और कीर्ति खरबन्दा अभिनीत ‘राज रीबूट’ समीक्षकों द्वारा मिली जुली प्रतिक्रिया और दर्शकों के नकारात्मक रवैये के चलते दूसरे दिन शनिवार को 5.49 करोड का व्यवसाय किया।

बॉक्स ऑफिस पर पहले दिन ‘पिंक’ से बढत बनानेवाली ‘राज रीबूट’ बॉक्स ऑफिस पर ‘पिंक’ से 2 करोड 16 लाख से पिछड गई और तीसरे दिन रविवार को विक्रम भट्ट की यह फिल्म शुजीत सरकार निर्मित और अनिरुद्ध राय चौधरी निर्देशित ‘पिंक’ से अनुमानत: 3 करोड से ज्यादा से मात खायेगी। अनुमानों के अनुसार ‘राज रीबूट’ अपने प्रथम वीकऐंड में बॉक्स ऑफिस पर लगभग 17 करोड का व्यवसाय करने में कामयाब होगी। जबकि ‘पिंक’ बॉक्स ऑफिस पर 20 करोड से ज्यादा का व्यवसाय करने में सफल होगी।

बॉक्स ऑफिस पर गिरते हुए व्यावसायिक आंकडे को देखने से महसूस हो रहा है कि विक्रय भट्ट की यह फिल्म भी असफलता की ओर अग्रसर हो रही है। ‘राज’ सीरीज की यह चौथी फिल्म है, जो अपनी पिछली कडियों के मुकाबले हल्की रही है। इस सीरीज की पहली फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर सफलता का नया इतिहास लिखा था, लेकिन राज-2 और राज-3 को वो कामयाबी नहीं मिली।

और अब इसकी चौथी कडी ‘राज-4’ ने दर्शकों को पूरी तरह से निराश कर दिया है। सम्भवत: इस फिल्म की असफलता के बाद भट्ट कैम्प इस सीरीज की फिल्मों को बनाना बंद कर देगा। वैसे भी विक्रम भट्ट की पिछली फिल्में क्रिएचर 3डी, मिस्टर एक्स और लव गेम्स बॉक्स ऑफिस पर असफल रही हैं।