फर्जी कागजों से लड़ी सरपंची का चुनाव, गिरफ्तार

www.khaskhabar.com | Published : रविवार, 18 सितम्बर 2016, 8:51 PM (IST)

सादुलपुर। फर्जी कागजात तैयार कर चुनाव लडऩे के मामले में रविवार को सिदमुख पुलिस ने सरपंच पद की महिला प्रत्याशी संतोष देवी को गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार गिरफ्तार महिला प्रत्याशी संतोष देवी ने ज्याना देवी के सामने चुनाव लड़ा था। इस चुनाव मे संतोष देवी हार गई और ज्याना देवी जीत गई। वहीं इस मामले मे सरपंच ज्याना देवी पर भी फर्जी कागजात तैयार कर चुनाव लडऩे का आरोप था। पुलिस इस मामले में पहले ही सरंपच ज्याना देवी को गिरफ्तार कर चुकी है , सिदमुख पुलिस ने फर्जी कागजात तैयार कर चुनाव लडऩे के मामले में तांबाखेड़ी ग्राम पंचायत की सरपंच प्रत्याशी संतोष देवी को गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार चार अक्टूबर 2015 को सिदमुख थाना क्षेत्र के तांबाखेड़ी गांव के निवासी मुकेश जाट ने महिला सरपंच प्रत्याशी पर कूटरचित दस्तावेज तैयार कर फर्जी तरीके से चुनाव लडऩे का आरोप लगाया था। उसके बाद सिदमुख पुलिस ने मामले की जांच की तो सामने आया कि संतोष देवी ने फर्जी टीसी लगाकर चुनाव लड़ा था। पुलिस ने बताया कि संतोष को गिरफ्तार कर लिया है। उसे न्यायालय में पेश किया जाएगा।