आतंकी हमले की सचिन पायलट ने की निंदा

www.khaskhabar.com | Published : रविवार, 18 सितम्बर 2016, 8:24 PM (IST)

जयपुर। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सचिन पायलट ने जम्मू कश्मीर के उरी सेक्टर में हुए आतंकवादी हमले में शहीद हुए सेना के 17 जवानों की शहादत पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए इस आतंकवादी घटना की कड़े शब्दों में निंदा की है। पायलट ने एक बयान जारी कर कहा कि यह बहुत ही दुखद व दुर्भाग्यपूर्ण है कि पठानकोट पर हुए आतंकवादी हमले के बाद फिर एक बार देश के फौजियों को आतंकवादियों ने निशाना बनाकर निहत्थे जवानों को ग्रेनेड से हमला कर मार दिया। पायलट ने कहा कि आतंकवाद की इस घटना के खिलाफ हम सभी देशवासी एकजुट है तथा सरहद पार से आतंकवाद को जो शह दी जा रही है उसके लिए पाकिस्तान को मुंहतोड़ दिया जाना चाहिएं। उन्होंने कहा कि देश की एकता और अखण्डता बनी रहे इसके लिए हम सब देशवासी एक है। उन्होंने कहा कि देश की बाह्य व आतंरिक सुरक्षा को आतंकवादी हमलों के मद्देनजर और ज्यादा पुख्ता किया जाना चाहिए जिससे कि पाकिस्तान समर्थित आतंकवादियों के नापाक मंसूबों को पूरा होने से रोका जा सके।