उदयपुर। घंटाघर इलाके में लगा एक ट्रांसफार्मर रविवार को शॉर्ट सर्किट होने से धधक उठा। उसमें आग लगने से लोगों में दहशत फैल गई। आग करीब 2 घंटे तक लगती रही। बाद में सूचना पर पहुंची दमकल ने आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। जानकारी के अनुसार दोपहर में 3 बजे इस ट्रांसफार्मर पर ऊपर की तरफ से कुछ चिंगारियां गिरीं, जिससे नीचे पड़े कचरे और आयल में आग लग गई। धीरे-धीरे आग बिजली के खंभे पर लगी केबल तक पहुंच गई।
आग के कारण खंभे पर लगी कई केबल और एलुमिनियम की प्लेट भी जल गई। इलाके के लोगों ने आग लगने की सूचना दमकल विभाग और विद्युत विभाग को दी। लोगों की सूचना पर दमकल आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। विद्युत विभाग की गाडिय़ां भी आनन-फानन में मौके पर पहुंची। आग बुझने के बाद जले केबल और अन्य उपकरणों को बदलने का काम शुरू किया गया।