फेसबुक का क्रेज, कैदी भी कर रहें है फेसबुक पर फोटो अपलोड

www.khaskhabar.com | Published : रविवार, 18 सितम्बर 2016, 1:23 PM (IST)

भरतपुर। केन्द्रीय कारागार सेवर में दोस्त की हत्या के आरोप में बंद टिंचू सोशल मीडिया प्रेम को जेल में भी नहीं रोक पा रहा है। वह जेल की कड़ी सुरक्षा में भी निरंतर फेसबुक पर जेल की फोटो अपलोड कर रहा है। अब जब जेल प्रशासन को इस बात की जानकारी मिली है तो प्रशासन मेें हडक़ंप मच गया है। केन्द्रीय कारागार के अंदर खींचे करीब आधा दर्जन से अधिक फोटो के फेसबुक पर पोस्ट होने के बाद जेल प्रशासन बगले झांकता नजर आ रहा है। जेल प्रशासन का कहना है कि बंदी करीब एक महीने पहले ही जयपुर जेल से यहां पहुंचा है। उन्होंने फेसबुक पेज पर फोटो डालने की बात से अनभिज्ञता जाहिर करते मामले की जांच कराने की बात कही है।

बंदी टिंचू उर्फ संजीव जाट गाब हतीजपुर थाना हलैना का निवासी है। बंदी के जेल में बैरक के सामने दोस्तों के साथ अलग-अलग 9 फोटो उसके अपने फेसबुक पेज पर शुक्रवार शाम करीब 4.25 मिनट पोस्ट किए गए हैं। ये फोटो 15 सितम्बर को खींचे गए हैं। दो फोटो में बैरक के बगल से 15 सितम्बर 2016 लिखा हुआ है। बंदी टिंचू के फेसबुक पेज पर पोस्ट इन 9 फोटो में कुछ में वह मोबाइल फोन पर बात करते दिख रहा है। ये फोटो बैरक के अंदर और बाहर के है। पोस्ट किए गए फिट में दो व्यक्ति मुर्गा बने हुए नजर आ रहा है। वहीं, एक अन्य फोटो में एक बंदी नहा रहा है और उसके पास कई लोग खड़े हुए हैं। गौरतलब है कि बंदी टिंचू सेवर जेल में जय सिंह जाट निवासी करीली थाना नदबई की हत्या के मामले में आरोपित है। केन्द्रीय कारागार भरतपुर के जेल अधीक्षक ओमप्रकाश ने बताया कि बंदी जेल में बंद है। उससे जांच की गई लेकिन उसके पास कोई मोबाइल फोन नहीं मिला है। पूछताछ में उसने फेसबुक अपडेट करने की बात से इनकार किया है।