रास्ते से भटक गया है भाजपा संगठन : तिवाड़ी

www.khaskhabar.com | Published : शनिवार, 17 सितम्बर 2016, 9:34 PM (IST)

भरतपुर। प्रदेश के वरिष्ठ नेता एवं सांगानेर विधायक घनश्याम तिवाड़ी ने कहा है कि प्रदेश में भाजपा संगठन अपने रास्ते से वन मैन शो होने के कारण भटक गया है और भाजपा कुछ लोगों की प्राइवेट लिमिटेड कंपनी बन गई है। इस एकाधीन सत्ता को खत्म करने के लिए ही दीनदयाल वाहिनी का गठन किया गया है। स्थानीय कृष्णा पैलेस में आयोजित दीनदयाल वाहिनी की संभाग पदाधिकारी एवं जिला कार्यकारिणी सम्मेलन को विधायक घनश्याम तिवाड़ी ने संबोधित करते कहा कि संघ परिवार भी प्रदेश में सीएम के कार्यों से नाराज है। विचारधारा के आधार पर जनता ने पार्टी को चुना, परंतु मुख्यमंत्री ने विचारधारा से हटकर कार्य किए। संघ के लोगों को गो व मंदिर रक्षा के लिए आंदोलन करने को सडक़ पर उतरना पड़ा। दीनदयाल उपाध्याय का शताब्दी वर्ष में 25 सितंबर को जयपुर में दीनदयाल वाहिनी की ओर से मनाए जाने वाले संकल्प दिवस पर प्रतिनिधि तय करेंगे कि दीनदयाल वाहिनी को किस दिशा में कार्य करना है। भाजपा को सुधारकर कार्य करना है या अलग राजनीतिक पार्टी बनानी है।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता अखिलेश तिवाड़ी थे। कार्यक्रम संयोजक गिरधारी तिवाड़ी ने भाजपा प्रदेश नेतृत्व पर आरोप लगाते हुए कहा कि तमाम दलबदलू, चापलूस व भूमाफियाओं ने भाजपा पर कब्जा कर लिया है। करौली भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष महेन्द्र मीणा ने कहा कि भूतकाल का गौरव, वर्तमान की पीड़ा और भविष्य का स्वप्न लेकर जो लोग कार्य करते हैं वे ही लोग महान बनते हैं।
इस मौके पर भरतपुर वाहिनी के अध्यक्ष श्याम सुंदर गौड़, महामंत्री प्रताप सिंह चौहान, उपाध्यक्ष लाखन सिंह पौषवाल और प्रवक्ता उत्तम शर्मा ने घनश्याम तिवाड़ी और अखिलेश तिवाड़ी को स्मृति चिन्ह भेंट किया। इस दौरान पूर्व विधायक मोतीलाल खरेरा, पूर्व विधायक गोपीचंद गुर्जर, भाजपा करौली के पूर्व जिला अध्यक्ष कैलाश शर्मा, महेंद्र मीणा, शिवकुमार सैनी, अलवर से निर्मल तिवाड़ी, जयपुर भाजपा पूर्व उपाध्यक्ष रामरूप खंडेलवाल, अशोक यादव, पूर्व जिला महामंत्री महेंद्र सौगरवाल, सियाराम फौजदार, दयाल चंद निमेश, उप प्रधान मनुदेव सिनसिनी, कैप्टन प्रताप सिंह, मोहन लाल मंगल्यानी, एडवोकेट मोहन शर्मा बयाना, पूर्व यूआईटी शरीफ खां, किशन चौधरी विशनारिया, रामगोपाल हरदेनिया, पूर्व चेयरमैन कुम्हेर अजय शर्मा, भरतपुर शहर मंडल अध्यक्ष बाबू लाल खत्री, ग्रामीण मंडल अध्यक्ष नाहर सिंह जादौन मौजूद रहे।