विद्युत क्षेत्र में भविष्य की चुनौतियों से निपटने के लिए अंतर राज्यीय सहयोग जरूरी : हीरालाल नागर

www.khaskhabar.com | Published : शुक्रवार, 27 नवम्बर 2026, 10:40 PM (IST)

जयपुर। विद्युत मंत्रियों का दो दिवसीय सम्मेलन शुक्रवार को नई दिल्ली में शुरू हुआ। 27-28 नवंबर को आयोजित इस सम्मेलन में 28 राज्यों और 8 केंद्र शासित प्रदेशों के विद्युत मंत्री, वरिष्ठ अधिकारी और विद्युत नियामक भाग ले रहे हैं। सम्मेलन की अध्यक्षता केंद्रीय विद्युत एवं आवासन और शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल कर रहे हैं। सम्मेलन में राजस्थान का प्रतिनिधित्व ऊर्जा मंत्री स्वतंत्र प्रभार हीरालाल नागर ने किया।


यह सम्मेलन भारत के विद्युत क्षेत्र की प्रमुख नीतिगत प्राथमिकताओं और उनके कार्यान्वयन से जुड़ी चुनौतियों पर केंद्र और राज्यों के बीच विचार-विमर्श का मंच है। इसमें ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत करने, विद्युत अवसंरचना और क्षेत्रीय सुधारों में तेजी लाने पर विशेष रूप से चर्चा की जा रही है।


सम्मेलन में ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने कहा कि सभी राज्यों के ऊर्जा मंत्रियों की इस बैठक में राज्यों में पावर जनरेशन से लेकर ट्रांसमिशन और वितरण कंपनियाँ के लिए जो टारगेट दिए गए हैं, उनके ऊपर प्रेजेंटेशन होनी है कि किस तरह से इस क्षेत्र की मजबूती के लिए प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस बैठक के दौरान राज्यों द्वारा विद्युत क्षेत्र की मजबूती और भविष्य में जरूरतों के अनुसार आगे बढ़ाने के लिए किए जा रहे सभी प्रयासों पर विस्तार से चर्चा होनी है। चुकीं विद्युत उत्पादन और वितरण में सभी राज्यों का सहयोग जरूरी है इसलिए इस बैठक का काफी महत्व है।


उन्होंने कहा कि राजस्थान सरकार पड़ोसी राज्यों के साथ एमओयू करके सोलर सिस्टम लगाना चाहती हैं इसलिए इस बैठक के दौरान उससे जुड़े हुए मसलों पर भी महत्वपूर्ण चर्चा होनी है।


उन्होंने कहा कि देश में जो आवश्यकता है उसे ध्यान में रखते हुए आने वाले समय में बिजली की कितनी कमी होगी और बिजली की उपलब्धता कितनी होगी, उस पर राज्य अपनी कार्ययोजना बनाएँगे, ताकि आवश्यकता की पूर्ति के लिए उनके पास संसाधन उपलब्ध हों। श्री नागर ने कहा कि हमने वर्ष 2025-26 में 931 करोड़ का लाभ अर्जित किया है।


बैठक के दौरान केंद्रीय मंत्री खट्टर ने कहा कि विद्युत क्षेत्र के विकास के लिए केंद्र और राज्यों के बीच मिलकर काम करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि भारत ने विद्युत उत्पादन क्षमता के विस्तार, नवीकरणीय ऊर्जा के एकीकरण और राष्ट्रीय ग्रिड को मजबूत करने की दिशा में उल्लेखनीय प्रगति की है। हमारी विकास यात्रा के अगले चरण में विद्युत क्षेत्र की योजना बनाने के लिए अधिक एकीकृत दृष्टिकोण अपनाने की आवश्यकता है, जिसमें विद्युत उत्पादन, ऊर्जा भंडारण, पारेषण और वितरण को एक ही प्रणाली के परस्पर जुड़े घटकों के रूप में ध्यान में रखकर योजनाएं बनाई जाएं। उन्होंने राज्यों से स्मार्ट मीटर लगाने की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि इससे उपभोक्ताओं को कई महत्वपूर्ण लाभ मिलेंगे। श्री मनोहर लाल ने कहा कि राज्यों के सहयोग और विद्युत मंत्रालय की विभिन्न पहलों के परिणामस्वरूप बिजली वितरण कंपनियां (डिस्कॉम) लंबे समय के बाद लाभ की स्थिति में पहुंची हैं।


बैठक के दूसरे दिन 28 नवंबर को आयोजित होने वाले प्रमुख सत्रों में नियामक मंच और राज्य विद्युत नियामक आयोगों (एसईआरसी) के साथ संयुक्त सत्र शामिल होगा। इस सत्र में राज्य के विद्युत मंत्री, एसईआरसी के अध्यक्ष, राज्यों के विद्युत/ऊर्जा सचिव और मंत्रालय के अधिकारी विद्युत क्षेत्र से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विचार-विमर्श करेंगे।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे