AI से बच्चों के शोषण का बढ़ता ख़तरा: ‘हम यह लड़ाई हार रहे हैं’

www.khaskhabar.com | Published : सोमवार, 23 नवम्बर 2026, 00:00 AM (IST)

संयुक्त राष्ट्र के वरिष्ठ अधिकारियों ने चेतावनी दी कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) ने यौन अपराधियों व आपराधिक गिरोहों के लिए बच्चों को बहला-फुसलाकर अपने जाल में फँसाने, ब्लैकमेल करने और उनका शोषण करने के नए रास्ते खोल दिए हैं. मगर इस तेज़ी से बढ़ते ख़तरे के सामने बच्चों की सुरक्षा के मौजूदा प्रयास नाकाफ़ी साबित हो रहे हैं. बच्चों के विरुद्ध हिंसा के मुद्दे पर संयुक्त राष्ट्र महासचिव की विशेष प्रतिनिधि, डॉक्टर नजत माअला माजिद ने कहा, “सोशल मीडिया की लड़ाई हम इसलिए हार गए क्योंकि हम पीछे थे. अब कृत्रिम बुद्धिमत्ता के मोर्चे पर भी हार रहे हैं, क्योंकि हम अब भी पीछे हैं.”वह गुरूवार को न्यूयॉर्क स्थित यूएन मुख्यालय में महासभा के एक उच्चस्तरीय कार्यक्रम को सम्बोधित कर रही थीं, जिसमें बच्चों के विरुद्ध हिंसा रोकने के सन्दर्भ में AI से जुड़े ख़तरों और सम्भावनाओं पर चर्चा हुई.यूएन उप महासचिव आमिना मोहम्मद ने यूनीसेफ़ के एक हालिया अध्ययन का हवाला देते हुए बताया कि पिछले एक वर्ष में ही 11 देशों में कम से कम 12 लाख बच्चों की तस्वीरों में हेरफेर करके अश्लील डीपफ़ेक बनाए गए.डॉक्टर नजत माअला माजिद ने अमेरिका के लापता और शोषित बच्चों के राष्ट्रीय केन्द्र के आँकड़ों का हवाला देते हुए बताया कि 2023 से 2024 के बीच जेनरेटिव AI से जुड़ी बाल यौन शोषण सामग्री की शिकायतों में 1,325 फ़ीसदी की बढ़ोत्तरी हुई.AI के ज़रिए बच्चों के ख़िलाफ़ किए जाने वाले अधिकाँश अपराध दर्ज ही नहीं होते और बहुत कम मामलों में क़ानूनी कार्रवाई हो पाती है. © UNICEF बहुत से बच्चे ऑनलाइन दुर्व्यवहार और उत्पीड़न के भी शिकार होते हैं. ‘टैक्नॉलॉजी को हथियार बनाना’डॉक्टर नजत माअला माजिद ने बताया कि अपराधी चैटबॉट के ज़रिए बच्चों का भरोसा जीतकर उनकी निजी जानकारी जुटा रहे हैं और उन पर अश्लील तस्वीरें साझा करने का दबाव बना रहे हैं.वहीं, तस्वीरों से कपड़े हटाने वाले ऐप्स से तैयार डीपफ़ेक का इस्तेमाल बच्चों को अपमानित करने, धमकाने और उनका शोषण करने के लिए हो रहा है.बच्चों की ऑनलाइन गतिविधियों और कमज़ोरियों की पहचान करने वाली तकनीकों ने यौन अपराधियों, मानव तस्करों और आपराधिक गिरोहों के लिए सम्वेदनशील बच्चों तक पहुँचना आसान बना दिया है.25 से अधिक वर्षों से बाल शोषण के मामलों की जाँच कर रहे जॉन ट्रेनरी के अनुसार, अपराधी हमेशा से बच्चों के शोषण के लिए “टैक्नॉलॉजी को हथियार बनाने” के तरीक़े तलाशते रहे हैं.मगर उन्होंने चेतावनी दी कि AI की मदद से बड़े पैमाने पर और स्वचालित ढंग से कृत्रिम सामग्री तैयार करने की क्षमता के कारण इसके दुरुपयोग का सिलसिला थम नहीं रहा.जाँचकर्ता जैसे ही इसके एक तरीक़े को समझ पाते हैं, “कोई दूसरा तरीक़ा सामने आ जाता है.”बाल संरक्षण के लिए सक्रिय ग़ैर-लाभकारी गठबन्धन ‘टैक कोएलिशन’ की के चाउ ने कहा कि अपराधी सम्भवतः चैटबॉट के ज़रिए शोषणकारी काल्पनिक सम्वाद रच रहे हैं और बच्चों को अपने जाल में फँसाने के लिए बातचीत की पटकथाएँ तैयार कर रहे हैं.वहीं, ‘एजेंटिक AI’ यानि स्वतन्त्र रूप से काम करने में सक्षम AI प्रणालियों से नए ख़तरे उभर रहे हैं.‘लूसिया हमारी AI साथी है’‘डेटास्फ़ीयर इनीशिएटिव’ की मारियाना रोज़ो-पाज़ ने पिछले वर्ष ग्रामीण कोलम्बिया में किशोरियों के लिए आयोजित एक डिजिटल साक्षरता कार्यक्रम का अनुभव साझा किया.जब किशोरियों से इंटरनेट की अपनी कल्पना को चित्र में उतारने के लिए कहा गया, तो उन्होंने लूसिया नाम की एक लड़की का चित्र बनाया, जो उनकी AI साथी थी.लड़कियों ने बताया, “हम हर दिन लूसिया से बात करते हैं. जब बड़े हमारे कुछ सवालों के जवाब नहीं देना चाहते, तो हम लूसिया से पूछते हैं. वह हमेशा हमारे लिए मौजूद रहती है. हम उससे अपनी सबसे अच्छी दोस्त की तरह निजी बातें भी साझा कर सकते हैं.” © Unsplash/Finn डीपफ़ेक से तात्पर्य ऐसी तस्वीरों, वीडियो या ऑडियो से है, जिन्हें एआई के ज़रिए मूल सामग्री में छेड़छाड़ के बाद तैयार किया जाता है. ‘सुरक्षा की गारंटी ज़रूरी’आमिना मोहम्मद ने कहा, “हम कभी स्वीकार नहीं करेंगे कि सुरक्षा की समुचित जाँच के बिना बच्चों का कोई खिलौना बाज़ार में उतारा जाए. लेकिन AI प्रणालियाँ ऐसी जाँच के बिना ही बच्चों तक पहुँच रही हैं. हम बच्चों की सुरक्षा को टैक्नॉलॉजी कम्पनियों की सदिच्छा के भरोसे नहीं छोड़ सकते.”संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुटेरेश ने जुलाई में AI के दौर में बाल सुरक्षा के लिए एक संकल्प (AI Child Safety Pledge) पेश किया था. इसके उद्देश्यों में बच्चों तक पहुँचने से पहले AI प्रणालियों की सुरक्षा प्रमाणित करना और AI से निर्मित बाल यौन शोषण सामग्री के प्रति शून्य सहनशीलता की नीति अपनाना शामिल है.डॉक्टर नजत माअला माजिद ने कहा कि टैक्नॉलॉजी कम्पनियों की स्वैच्छिक पहलें पर्याप्त नहीं हैं. उन्होंने AI के नियमन के लिए ऐसे वैश्विक मानक तय करने का आहवान किया, जिनके तहत इन प्रणालियों के निर्माण के समय ही बच्चों की सुरक्षा और निजता सुनिश्चित करना अनिवार्य हो.हालाँकि, यूएन उप महासचिव ने ध्यान दिलाया कि AI बाल संरक्षण में भी मददगार साबित हो सकती है – बाल यौन शोषण सामग्री का पता लगाने, पीड़ितों की पहचान करने और बच्चों को शोषण के जाल में फँसाए जाने के शुरुआती संकेत पहचानने में.वर्ल्ड चाइल्डहुड फ़ाउंडेशन के एक अध्ययन में स्वीडन के एक युवा ने कहा, “यह टैक्नॉलॉजी वाक़ई कमाल की है. लेकिन साफ़ दिखता है कि इसके नियमन के लिए ज़िम्मेदार लोग इसकी रफ़्तार से तालमेल नहीं बिठा पा रहे हैं.”फ़ाउंडेशन की महासचिव पॉला गिये द मोंतू ने कहा, “बच्चों को कभी यह कहने की नौबत नहीं आनी चाहिए कि उनकी सुरक्षा के लिए ज़िम्मेदार बड़े लोग टैक्नॉलॉजी की रफ़्तार से पिछड़ रहे हैं.”“हमारी ज़िम्मेदारी है कि हम साबित करें कि इस बढ़ते ख़तरे से बच्चों की रक्षा करने में हम सक्षम हैं.”