टोंक। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) टोंक में दीक्षांत समारोह 2026 का आयोजन उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में किया गया। समारोह में संस्थान एवं ट्रेड स्तर पर प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले पास आउट प्रशिक्षणार्थियों को प्रमाण पत्र एवं मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राजकीय पॉलीटेक्निक महाविद्यालय टोंक के प्राचार्य संदीप राय उपस्थित रहे। वहीं संस्थान के उपनिदेशक रामप्रसाद मीणा सहित संस्थान के समस्त स्टाफ ने समारोह में भाग लिया। समारोह के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रशिक्षणार्थियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए उन्हें सम्मानित किया गया। सम्मान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों के चेहरों पर खुशी और उत्साह नजर आया। कार्यक्रम का उद्देश्य प्रशिक्षणार्थियों की मेहनत, लगन एवं कौशल विकास में उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन को प्रोत्साहित करना तथा व्यावसायिक शिक्षा के प्रति युवाओं में प्रेरणा और आत्मविश्वास बढ़ाना रहा। मुख्य अतिथि एवं संस्थान के अधिकारियों ने प्रशिक्षणार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि तकनीकी एवं व्यावसायिक शिक्षा युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने, रोजगार के अवसर प्राप्त करने तथा उद्योग जगत की आवश्यकताओं के अनुरूप दक्षता विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। दीक्षांत समारोह में संस्थान के अधिकारियों, प्रशिक्षकों एवं स्टाफ की उपस्थिति में कार्यक्रम सम्पन्न हुआ। समारोह ने प्रशिक्षण पूर्ण कर चुके युवाओं के लिए नई उपलब्धियों और भविष्य की रोजगार यात्रा का उत्साहपूर्ण आगाज किया।
ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे