महानदी बहा ले गई अनाथ को, 12 घंटे जल से जंग...

www.khaskhabar.com | Published : शनिवार, 17 सितम्बर 2016, 1:10 PM (IST)

रायपुर। छत्तीसगढ़ के सारणगढ़ में घरेलू नौकरानी के तौर पर काम करने वाली एक 18 वर्षीय अनाथ युवती सोनी यादव को महानदी ने अचंभित करने वाला खेल किया है। सोनी मंगलवार को अपने कुछ दोस्तों के साथ चंद्रपुर मंदिर गई थी। मगर मंदिर में दर्शन करने से पहले वहां बह रही महानदी के किनारे हाथ-मुंह धोने के लिए उतर गई, लेकिन जैसे ही वह नदी में उतरी, महानदी की तेज धारा उसे बहा ले गई। इसके बाद वह अगले 12 घंटों तक महानदी की तेज धारा से लड़ते हुए वहां से 70 किलोमीटर दूर पड़ोसी राज्य ओडिशा के झारसुगुडा पहुंच गई, जहां उसे एक मछुआरे ने बचा लिया। इसी के साथ सोनी को नया जीवन मिल गया। उसे बचाने वाले मछुआरे का परिवार अनाथ सोनी को अपना लेना चाहता और सोनी भी ऐसा ही चाहती है कि वह नया जीवन देने वाले परिवार की ही बनकर रहे।

सारणगढ़ के पुलिस अधिकारी आरके मिश्रा ने अंग्रेजी अखबार ‘टाइम्स ऑफ इंडिया’ को बताया, ‘इसे चमत्कार ही माना जाएगा कि पूरी रात महानदी की तेज धारा से बचते हुए सोनी जिंदा बच गई। हम सोनी को सारणगढ़ लेकर गए और उसके बयान दर्ज किए। लेकिन वह जहां काम करती थी वहां जाने के बजाय, वह उसे बचाने वाले मछुआरे परिवार के पास लौट गई।’
सोनी ने पुलिस को बताया कि फिसलने के बाद वह नदी में बह गई थी। उसने खुद को बचाने की कोशिश की लेकिन नदी की धार इतनी तेज थी कि वह उसे बहा ले गई। मिश्रा ने बताया, सोनी ने अपने बयान में बताया कि नदी में बहने के बाद वह बेहोश हो गई और उसके बाद उसे कुछ याद नहीं। सोनी को नदी से बचाए जाने के बाद अस्पताल में भर्ती किया गया, लेकिन कोई गंभीर चोट नहीं होने के कारण उसे जल्दी ही छुट्टी दे दी गई।

पुलिस अधिकारी ने कहा, सोनी के माता-पिता की मौत के बाद उसके दादा-दादी और मौसी ने उसकी देखभाल की। वह जिस परिवार के लिए काम करती थी, उससे तीन दिन की छुट्टी लेकर वह दोस्तों के साथ चंद्रपुर मंदिर घूमने गई थी। हमें झारसुगुडा जिले के रेंगली पुलिस थाने से फोन आया और बताया गया कि कुसमेल गांव में मछुआरे ने लडक़ी को बचा लिया है। रायगढ़ के एसपी बीएन मीणा ने कहा, ‘यह विश्वास करना काफी कठिन है कि कोई इतनी देर तक पानी में जिंदा बचा रह सकता है। अभी तक हम लडक़ी के बयान पर ही विश्वास कर रहे हैं, क्योंकि घटनास्थल पर की गई जांच से उसका बयान मेल खाता है।’