धनतेरस पर अजमेर को मिली 20 नई पीएम ई-बसों की सौगात, विधानसभा अध्यक्ष देवनानी ने दिखाई हरी झंडी

www.khaskhabar.com | Published : शुक्रवार, 06 नवम्बर 2026, 9:04 PM (IST)

अजमेर। धनतेरस के पावन अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने अजमेर शहर एवं ग्रामीण क्षेत्रों के लिए 20 नई प्रधानमंत्री ई-बसों की सौगात दी। उन्होंने शुक्रवार को नौसर स्थित ई-बस स्टैण्ड से इन बसों का शुभारम्भ किया। इन बसों के संचालन से आमजन को किफायती, सुरक्षित एवं प्रदूषणमुक्त सार्वजनिक परिवहन सुविधा उपलब्ध होगी। शहर के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों को भी बेहतर परिवहन कनेक्टिविटी मिलेगी।

इस अवसर पर देवनानी ने कहा कि प्रधानमंत्री ई-बस सेवा योजना के माध्यम से अजमेर में भी सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को आधुनिक एवं पर्यावरण अनुकूल बनाया जा रहा है। योजना के तहत अजमेर में कुल 100 इलेक्ट्रिक बसों का संचालन किया जाना प्रस्तावित है। प्रथम चरण में 5 बसों का संचालन शुरू किया गया था तथा अब धनतेरस के अवसर पर 20 नई बसों की शुरुआत की जा रही है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ई-बस सेवा योजना का उद्देश्य पीपीपी मॉडल के माध्यम से शहरों में इलेक्टि्रक बसों का संचालन कर प्रदूषण कम करना तथा पैट्रोल-डीजल पर निर्भरता घटाना है। इससे आमजन को सस्ती और सुविधाजनक परिवहन सेवा उपलब्ध होने के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा।

देवनानी ने बताया कि आमजन की सुविधा एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इन वातानुकूलित बसों में सीसीटीवी कैमरे, अग्निशमन सुरक्षा प्रणाली तथा आपातकालीन बटन की व्यवस्था की गई है। दिव्यांगजनों एवं बुजुर्गों की सुविधा के लिए बसों में चढ़ने एवं उतरने हेतु ऑटोमेटिक गेट की सुविधा भी उपलब्ध करवाई गई है।

उन्होंने बताया कि नौसर घाटी में लगभग 15 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक ई-बस डिपो एवं चार्जिंग स्टेशन तैयार किया गया है। यहां बसों की चार्जिंग, रखरखाव एवं संचालन के लिए आधुनिक सुविधाएं विकसित की गई हैं।

इस अवसर पर महापौर अनामिका शर्मा, रमेश सोनी, उपायुक्त महावीर सिंह एवं भरत राज गुर्जर सहित जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे