जयपुर में अस्थायी अतिक्रमण पर नगर निगम की कार्रवाई, 5 कैंटर सामान जब्त; 1 हजार रुपए कैरिंग चार्ज वसूला

www.khaskhabar.com | Published : बुधवार, 04 नवम्बर 2026, 7:35 PM (IST)

-जगतपुरा से वैशाली नगर और कालवाड़ रोड तक चला अभियान, अतिक्रमणकारियों को दोबारा कब्जा नहीं करने की चेतावनी

जयपुर।
जयपुर शहर में सार्वजनिक स्थानों पर अस्थायी अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ नगर निगम की सतर्कता शाखा ने बुधवार को विशेष अभियान चलाया। निगम आयुक्त ओम कसेरा के निर्देश पर हुई इस कार्रवाई में अलग-अलग क्षेत्रों से पांच कैंटर सामान जब्त किया गया। वहीं अतिक्रमणकारियों से मौके पर एक हजार रुपए कैरिंग चार्ज भी वसूला गया।

उपायुक्त सतर्कता के नेतृत्व में निगम की टीम ने जगतपुरा पुलिया के नीचे, गोल्यावास मानसरोवर, गांधीपथ वैशाली नगर, तारानगर खिरणी फाटक, मार्बल मंडी, कालवाड़ रोड और रावण गेट कालवाड़ रोड हाथोज सहित विभिन्न स्थानों पर कार्रवाई की।

जब्त सामान गोदाम में भिजवाया


उपायुक्त सतर्कता ने बताया कि अभियान के दौरान सार्वजनिक स्थानों पर किए गए अस्थायी अतिक्रमण हटवाए गए। मौके से जब्त किए गए पांच कैंटर सामान को नगर निगम के गोदाम में भिजवा दिया गया। इसके साथ ही संबंधित अतिक्रमणकारियों से एक हजार रुपए कैरिंग चार्ज वसूला गया।

दोबारा अतिक्रमण करने पर होगी सख्त कार्रवाई

कार्रवाई के दौरान सतर्कता टीम ने अतिक्रमण करने वालों को समझाइश भी दी। उन्हें मौखिक रूप से पाबंद किया गया कि भविष्य में निर्धारित समय पर अस्थायी अतिक्रमण हटा लें और सार्वजनिक स्थानों पर दोबारा कब्जा न करें। निगम प्रशासन ने चेतावनी दी है कि निर्देशों की अवहेलना करने और दोबारा अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ भारी चालान सहित अन्य प्रभावी कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे