खड़े ट्रक में घुसी मैजिक चालक और हेल्पर की मौत

www.khaskhabar.com | Published : शुक्रवार, 16 सितम्बर 2016, 5:58 PM (IST)

शाहजहांपुर(खुटार)। मुरादाबाद से बर्तन भरकर लखीमपुर जा रही एक मैजिक गाड़ी भूंसी भरे ट्रक में पीछे से घुस गई जिससे मैजिक चालक की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ट्रक चालक को हिरासत में ले लिया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

जानकारी के मुताबिक जनपद मुरादाबाद के थाना कटघर क्षेत्र के ग्राम सीतापुरी निवासी महेन्द्रपाल मैजिक चालक था। इसी थाना क्षेत्र के ग्राम गांव पीतल नगरी का कपिल मैजिक हेल्पर था। दोनों मैजिक में बर्तन लोडकर मुरादाबाद से लखीमपुर के लिए चले थे। सुबह खुटार थाना क्षेत्र अंतर्गत पुवायां रोड पर ग्राम रौतापुर मोड़ के पास अचानक मैजिक चालक महेन्द्र ने नियंत्रण खो दिया जिससे मैजिक आगे खड़े एक ट्रक में जा घुसी। हादसे में चालक महेन्द्र और हेल्पर कपिल की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा होता देख मौके पर तमाम राहगीरों की भीड़ लग गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आसपास के लोगों की मदद से दोनों के शवों को मैजिक से बाहर निकलवाया। पुलिस ने ट्रक समेत चालक को हिरासत में ले लिया। मृतको के परिजनों को हादसे की जानकारी दे दी गई। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पीएम को भेज दिया।