प्रयोगशाला प्राविधिज्ञ संघ ने खोला मोर्चा

www.khaskhabar.com | Published : शुक्रवार, 16 सितम्बर 2016, 5:30 PM (IST)

शाहजहांपुर। चुनावी सीजन में अपनी मांगों को लेकर सरकारी विभाग के कर्मचारी धरना प्रदर्शन के साथ हड़ताल तक पर जा रहे हैं। इसी क्रम में उत्तर प्रदेश प्रयोगशाला प्राविधिज्ञ संघ के अध्यक्ष जयपाल सिंह के नेतृत्व में संगठन के सदस्यों ने जिला अस्पताल में दो घंटे तक कार्य बंद कर धरना दिया और अपनी मांगों को लेकर जमकर बरसे। उन्होंने कहा कि यदि उनकी मांगे नहीं मानी गई तो वो लोग 20 सितम्बर से हड़ताल शुरू कर देगें।

इस मौके पर साथियों को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष जयपाल सिंह ने कहा कि हमारी मांगों पर सरकार द्वारा उदासीनता बरतने के कारण कर्मचारियों को आन्दोलन के लिए विवश होना पड़ रहा है। संगठन की सभी मांगे जायज हैं। फिर भी सरकार ध्यान नहीं दे रही है। यदि जल्द ही सरकार ने इस पर विचार नहीं किया तो संगठन के बैनर तले सभी कर्मचारी 20 सितम्बर से कार्य पूरी तरह ठप कर हड़ताल पर बैठ जाएंगे। राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद् के जिलाध्यक्ष अनिल दीक्षित ने कहा कि अपनी मांगों को लेकर सभी कर्मचारियों को एकजुट होना चाहिए ताकि सरकार से अपने हक की लड़ाई लड़ी जा सके। उन्होंने कहा सरकार को इस पर ध्यान देना चाहिए। संगठन के जिला मंत्री रामू नायक ने धरने के बीच सभी के लोगों के सामने मांगों को पढ़कर सुनाया जिस पर सभी ने सहमति जताई। इसके बाद मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सीएमएस को दिया गया।