उदयपुर। अंतरराष्ट्रीय ओजोन परत संरक्षण दिवस के मौके पर लेकसिटी में स्कूली बच्चों ने रैली निकालकार पर्यावरण बचाने का सन्देश दिया। शुक्रवार सुबह वन मंडल उत्तर की ओर से निकाली रैली में बड़ी संख्या में स्कूली बच्चों ने शिरकत की और शहरवासियों को जागरुकता का संदेश दिया। रैली शहर के गुलाब बाग के मुख्य द्वार से शुरू होकर सूरजपोल, अस्थल मन्दिर, राजस्थान महिला विद्यालय और समोर बाग होते हुए गुलाब बाग के हाथी वाला पार्क पहुंची। जहां समापन कार्यक्रम में विद्वजनों की ओर से ओजोन परत के असर और दुष्परिणामों की जानकारी दी गई। जिला वन अधिकारी ओ.पी. शर्मा ने बताया कि मानव के अस्तित्व के लिए पर्यावरण को शुद्ध बनाए रखने और ओजोन परत संरक्षण के महत्व को समझने की जरुरत है। ताकि भावी पीढ़ी को इसके दायित्व के प्रति आगाह किया जा सके। इस मौके पर निगम महापौर चंद्रसिंह कोठारी और मुख्य वन संरक्षक, उदयपुर शिखा मेहरा ने रैली को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया।