नई दिल्ली। आमतौर पर मां-बाप अपने बच्चों को ज्यादा देर तक मोबाइल या वीडियो गेम खेलने से रोकते हैं, लेकिन चीन की 60 वर्षीय झोंग जुआनजुआन की कहानी कुछ अलग है। कभी वह अपने बेटे को गेम खेलने से रोकने के लिए इंटरनेट कैफे तक पहुंच जाती थीं, लेकिन आज वही गेमिंग उनकी पहचान बन चुकी है। इंटरनेट की दुनिया में वह ‘आंटी जुआन’ के नाम से मशहूर हैं और हजारों लोग उन्हें लाइव गेम खेलते हुए देखना पसंद करते हैं।
झोंग चीन के ग्वांगडोंग प्रांत के मेइझोउ के बाहरी इलाके में रहती हैं। उन्होंने सिर्फ प्राथमिक स्तर तक पढ़ाई की है और जिंदगी में कई तरह के छोटे-मोटे काम किए। करीब एक दशक पहले उन्होंने काम से रिटायरमेंट ले लिया था। हालांकि, उनकी जिंदगी में बड़ा बदलाव साल 2020 में आया, जब उनका छोटा बेटा नौकरी छोड़कर घर पर रहने लगा और अपना काफी समय ऑनलाइन गेम खेलने में बिताने लगा।
जिस गेम के लिए बेटे को डांटती थीं, वही खुद खेलने लगीं
बेटे को घंटों गेम खेलते देखकर झोंग को करीब दो दशक पुरानी बातें याद आने लगीं। उस समय उनका बेटा स्कूल में पढ़ता था और गेमिंग की वजह से उसकी पढ़ाई प्रभावित हो रही थी। झोंग कई बार उसे ढूंढते हुए इंटरनेट कैफे पहुंच जाती थीं और वहां से घर वापस ले आती थीं।
लेकिन सालों बाद परिस्थितियां पूरी तरह बदल गईं। एक दिन झोंग के मन में सवाल आया कि आखिर गेम में ऐसी क्या खास बात है, जिसकी वजह से उनका बेटा घंटों इसमें लगा रहता है। इसी जिज्ञासा ने उन्हें खुद गेम खेलने के लिए प्रेरित किया। बेटे ने उन्हें गेमिंग की शुरुआती बारीकियां समझाईं और धीरे-धीरे मां ने भी इसमें दिलचस्पी लेना शुरू कर दिया।
शुरुआत में गेम खेलना आसान नहीं था
शुरुआत में झोंग को गेमिंग में काफी परेशानी हुई। कभी उनका कैरेक्टर दीवार से टकरा जाता, तो कभी वह सही दिशा में जाने के बजाय दूसरी तरफ घूम जातीं। वर्चुअल सीढ़ियां चढ़ना तक उनके लिए चुनौती बन जाता था।
उम्र के साथ कमजोर होती नजर और प्रतिक्रिया देने में लगने वाला ज्यादा समय भी उनके सामने चुनौती थी। इसके बावजूद उन्होंने अभ्यास करना नहीं छोड़ा। लगातार प्रैक्टिस के बाद उनकी गेमिंग स्किल बेहतर होती गई और साल 2022 में उन्होंने लाइवस्ट्रीमिंग शुरू कर दी।
60 साल की उम्र में शूटिंग गेम्स से बनाई पहचान
झोंग की लोकप्रियता तब तेजी से बढ़ी, जब दर्शकों ने उन्हें शूटिंग गेम्स में शानदार प्रदर्शन करते देखा। उनकी उम्र के बावजूद उनका गेम खेलने का अंदाज और आत्मविश्वास लोगों को काफी पसंद आया। वह गेमिंग कम्युनिटी में इस्तेमाल होने वाली कई टर्म्स और भाषा से भी अच्छी तरह परिचित हैं।
बताया जाता है कि झोंग अब तक 8,000 घंटे से ज्यादा गेमिंग कर चुकी हैं। दिसंबर 2024 में उन्हें Counter-Strike: Global Offensive के एक ऑनलाइन प्रदर्शनी मैच में खेलने का मौका मिला। इस मैच में 17 वर्षीय रूसी गेमिंग स्टार डोंक भी शामिल थे। मुकाबले के दौरान झोंग ने उन्हें आउट कर दर्शकों को हैरान कर दिया।
लोगों ने उठाए सवाल तो बेटे ने लगाए कई कैमरे
जैसे-जैसे उनकी लोकप्रियता बढ़ी, कुछ लोगों ने उनकी गेमिंग क्षमता पर सवाल भी उठाए। कुछ दर्शकों को शक था कि शायद कोई दूसरा व्यक्ति उनके लिए गेम खेलता है। इन सवालों का जवाब देने के लिए उनके बेटे ने गेमिंग सेटअप के आसपास कई कैमरे लगाए, ताकि दर्शक अलग-अलग एंगल से उन्हें खुद गेम खेलते हुए देख सकें।
झोंग का कहना है कि उम्र किसी व्यक्ति की पसंद और सीखने की क्षमता तय नहीं करती। उनका मानना है कि मां होने का मतलब यह नहीं है कि महिला की जिंदगी सिर्फ घर और घरेलू जिम्मेदारियों तक सीमित हो जाए।
बेटा अब मां के गेमिंग करियर में करता है मदद
झोंग के लिए गेमिंग सिर्फ मनोरंजन नहीं है। वह इसे कुछ नया सीखने और दिमाग को सक्रिय रखने का एक तरीका भी मानती हैं। खास बात यह है कि जिस बेटे को कभी वह गेम खेलने से रोकती थीं, आज वही उनके गेमिंग करियर में उनकी मदद करता है। उनका बेटा अब उनका फुल-टाइम एजेंट भी है।
हालांकि, वह मां को लेकर काफी सतर्क भी रहता है। बताया जाता है कि रात करीब 12 बजे वह इंटरनेट बंद कर देता है, ताकि झोंग देर रात तक गेम खेलती न रहें।
अब बाजार में भी पहचानने लगे हैं लोग
आज ‘आंटी जुआन’ की पहचान सिर्फ ऑनलाइन दुनिया तक सीमित नहीं है। उनकी बढ़ती लोकप्रियता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि अब लोग उन्हें बाजार में भी पहचानने लगे हैं। हाल ही में एक व्यक्ति ने उन्हें देखते ही बताया कि वह उन्हें ऑनलाइन गेम खेलते हुए देख चुका है।
कभी बेटे की गेमिंग की वजह से परेशान रहने वाली झोंग जुआनजुआन ने उसी दुनिया में अपनी अलग पहचान बना ली है। उनकी कहानी इस बात की मिसाल है कि सीखने और खुद को नए तरीके से आजमाने की कोई उम्र नहीं होती।
ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे