अकाल से लड़ने टास्क फोर्स बनती तो राहत मिलती, लेकिन भाजपा मोदी जी को खुश करने वाले इवेंट की लिस्ट बनाने में मस्त : टीकाराम जूली

www.khaskhabar.com | Published : मंगलवार, 06 अक्टूबर 2026, 8:58 PM (IST)

जयपुर। राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने भाजपा और राज्य सरकार पर बड़ा सियासी हमला बोलते हुए कहा है कि जब आज भाजपा की एक बहुत बड़ी जंबो लिस्ट सामने आई, तो लगा कि प्रदेश के अनेक जिले भयानक सूखे की चपेट में हैं, इसलिए राहत पहुंचाने और अकाल से निपटने के लिए कोई बड़ी टास्क फोर्स बनाई गई होगी। लेकिन सच सामने आने पर निराशा हुई कि यह जंबो लिस्ट तो 'सेवा ज्योति यात्रा' और 'विकसित भारत संकल्प सभा' जैसे आयोजनों के जरिए केवल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को खुश करने के लिए बनाई गई है, जिसमें मुख्यमंत्री से लेकर पूर्व मुख्यमंत्री तक के नाम शामिल हैं।

जूली ने कहा कि इवेंट अपनी जगह हैं, लेकिन आज राजस्थान का किसान राहत की गुहार लगा रहा है। प्रदेश में 10 साल का सबसे बड़ा अकाल पड़ा है और बाड़मेर जैसे सीमावर्ती जिलों में पानी-चारे के अभाव में किसान अपने प्यारे गौवंश को सड़कों पर बेसहारा छोड़ने को मजबूर हैं। सरकार में अनुभव और इच्छाशक्ति दोनों की घोर कमी है। यदि इवेंटबाज़ी में झोंकी जा रही ताकत और ऊर्जा को सूखे से लड़ने में लगाया जाता, तो आज प्रदेश अकाल में न तड़प रहा होता।

नेता प्रतिपक्ष ने मांग की है कि सरकार राजनीतिक प्रचार छोड़कर तुरंत युद्धस्तर पर अकाल राहत कार्य शुरू करे और मुफ्त चारा डिपो व पेयजल टैंकरों की व्यवस्था करे, अन्यथा कांग्रेस पार्टी किसानों के हक के लिए सड़क से विधानसभा तक उग्र आंदोलन करेगी।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे