जयपुर। जलदाय विभाग में भ्रष्टाचार की शिकातयों पर एसीबी ने प्रदेश में
बड़ी कार्रवाई की है। गुरुवार को जयपुर मुख्यालय से गई एसीबी की टीम ने
प्रदेशभर में जलदाय विभाग के 10 ठिकानों पर छापे की कार्रवाई की है। एसीबी
महानिदेशक आलोक त्रिपाठी के नेतृत्व में कार्रवाई की गई। जलदाय विभाग में
सबमर्सिबल पंप और केबल खरीदी घोटाले की शिकायत पर सीकर, चूरू, झुंझुनूं,
सवाई माधोपुर, जयपुर समेत कई स्थानों पर कार्रवाई की गई। जयपुर में छह
ठिकानों पर कार्रवाई की जा रही है। एसीबी के एडिशनल एसपी बजरंग सिंह शेखावत
का कहना है कि शिकायतों की जांच के दौरान काफी तथ्य मिले हैं। पंप सप्लाई
का क्वालिटी भी खराब थी। दस्तावेजों की जांच के बाद दोषियों पर कार्रवाई की
जाएगी।
रिकॉर्ड जब्त किए
सवाई माधोपुर। वर्ष 2013 में
जलदाय विभाग में प्रदेशस्तर पर की गई पंपसेटों की खरीद फरोख्त में धांधली
की शिकायत पर गुरुवार को भरतपुर एसीबी द्वारा एएसपी सरजीतसिंह के नेतृत्व
में सवाई माधोपुर जिला मुख्यालय स्थित जलदाय विभाग के अधिशासी अभियंता
कार्यालय पर छापा मार कर स्टॉक रजिस्टर सहित रिकॉर्ड रजिस्टर सीज किया और
अन्य दस्तावेज भी खंगाले। एसीबी अधिकारियों के अनुसार टीम ने जलदाय विभाग
के भंडार घर की जांच की। वहां रखे सामान का दस्तावेजों के साथ मिलान किया।
एसीबी ने इस दौरान जलदाय विभाग के कम्प्यूटर ऑपरेटर से कम्प्यूटर में फीड
रिकॉर्ड निकलवाया और मिलान किया। एसीबी के अधिकारियों के अनुसार कार्रवाई
की पूरी रिपोर्ट जयपुर एसीबी मुख्यालय भेजी जाएगी। मुख्यालय के
निर्देशानुसार ही आगे की कार्रवाई होगी।
नागौर में तीन फर्मों पर सर्वे
नागौर। आयकर
विभाग ने मेड़ता में तीन फर्मों पर करीब दो-दो करोड़ रुपए की अघोषित आय का
सर्वे किया है। जानकारी के अनुसार आयकर विभाग ने तीन अलग-अलग टीमें बनाकर
कृषि मंडी स्थित दो फर्मों व एक निजी चिकित्सालय पर एक साथ छापामारी की।
इसमें यह राशि आय से अधिक पाई गई।