निष्पक्ष, निर्भय एवं शांतिपूर्ण निर्वाचन के लिए प्रशासन का सहयोग करने की अपील
कोटपूतली-बहरोड़। पंचायतीराज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 को लेकर आदर्श आचार संहिता एवं निर्वाचन प्रक्रिया के संबंध में जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलेक्टर अपर्णा गुप्ता की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला निर्वाचन अधिकारी ने निर्वाचन प्रक्रिया से संबंधित विभिन्न प्रावधानों एवं तैयारियों की जानकारी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को दी तथा प्रशासन द्वारा निष्पक्ष, निर्भय एवं शांतिपूर्ण निर्वाचन संपन्न कराने के लिए सभी राजनीतिक दलों से सहयोग की अपील की।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी सूचना के क्रम में पंचायतीराज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 का कार्यक्रम जारी किया गया है। कोटपूतली-बहरोड़ जिले में पंचायतीराज संस्थाओं के आम चुनाव की प्रक्रिया द्वितीय चरण से प्रारंभ होगी। जिले में जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों के निर्वाचन के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा नियम 58 के अंतर्गत निर्वाचन की लोक सूचना 13 अक्टूबर 2026 को जारी की जाएगी।
उन्होंने बताया कि द्वितीय चरण में नाम निर्देशन पत्र प्रस्तुत करने की अंतिम तिथि 16 अक्टूबर 2026 को अपराह्न 3 बजे तक निर्धारित की गई है। नाम निर्देशन पत्र प्रातः 11 बजे से अपराह्न 3 बजे तक प्रस्तुत किए जा सकेंगे। नाम निर्देशन पत्रों की संवीक्षा 17 अक्टूबर 2026 को प्रातः 11 बजे से की जाएगी। अभ्यर्थिता वापस लेने की अंतिम तिथि 19 अक्टूबर 2026 को अपराह्न 3 बजे तक निर्धारित है। इसी दिन नाम वापसी की समय-सीमा समाप्त होने के तुरंत पश्चात चुनाव प्रतीकों का आवंटन एवं चुनाव लड़ने वाले अभ्यर्थियों की सूची का प्रकाशन किया जाएगा।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि कोटपूतली-बहरोड़ जिले में पंचायतीराज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 कुल 8 पंचायत समितियों के अंतर्गत आने वाली 238 ग्राम पंचायतों में संपन्न होंगे। निर्वाचन के लिए जिले में कुल 784 मतदान बूथ निर्धारित किए गए हैं। राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा प्रदेश में चार चरणों में चुनाव कार्यक्रम घोषित किया गया है, जिसमें कोटपूतली-बहरोड़ जिले में केवल द्वितीय एवं तृतीय चरण में ही निर्वाचन प्रक्रिया संपन्न होगी।
उन्होंने बताया कि द्वितीय चरण में जिले की 4 पंचायत समितियों की कुल 130 ग्राम पंचायतों में निर्वाचन होगा। इनमें बानसूर की 45, कोटपूतली की 30, पावटा की 30 तथा नारायणपुर की 25 ग्राम पंचायतें शामिल हैं। इस चरण के लिए कुल 442 मतदान बूथ निर्धारित किए गए हैं। जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों के लिए 29 अक्टूबर 2026 को मतदान होगा। इसके बाद पंच एवं सरपंच पदों के लिए 30 अक्टूबर को नाम निर्देशन, 31 अक्टूबर को मतदान एवं मतगणना तथा 1 नवंबर 2026 को उपसरपंच का निर्वाचन कराया जाएगा।
इसी प्रकार तृतीय चरण में जिले की शेष 4 पंचायत समितियों की कुल 108 ग्राम पंचायतों में निर्वाचन होगा। इनमें नीमराणा की 40, विराटनगर की 27, बहरोड़ की 23 तथा मैड-कुंडला की 18 ग्राम पंचायतें शामिल हैं। इस चरण में कुल 342 मतदान बूथ निर्धारित किए गए हैं। जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों के लिए 4 नवंबर 2026 को मतदान होगा। पंच एवं सरपंच पदों के लिए 5 नवंबर को नाम निर्देशन, 6 नवंबर को मतदान एवं मतगणना तथा 7 नवंबर 2026 को उपसरपंच का निर्वाचन कराया जाएगा। जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों के निर्वाचन की मतगणना सभी चरणों के लिए 20 नवंबर 2026 को प्रातः 8 बजे से की जाएगी।
इसके पश्चात उच्च पदों के चुनाव की प्रक्रिया शुरू होगी, जिसके तहत जिला प्रमुख का चुनाव 25 नवंबर और उप जिला प्रमुख का चुनाव 26 नवंबर, प्रधान का चुनाव 27 नवंबर, उपप्रधान का चुनाव 28 नवंबर 2026 को कराया जाएगा। इन पदों (जिला प्रमुख, उप जिला प्रमुख, प्रधान और उपप्रधान) के चुनाव वाले दिन की दैनिक समय-सारणी भी तय की गई है, जिसके अनुसार बैठक का प्रारंभ पूर्वाह्न 10:00 बजे होगा। नामांकन पत्र पूर्वाह्न 11:00 बजे तक प्रस्तुत किए जा सकेंगे और उनकी जांच (संवीक्षा) पूर्वाह्न 11:30 बजे से की जाएगी। इसके बाद दोपहर (अपराह्न) 01:00 बजे तक नाम वापस लिए जा सकेंगे और नाम वापसी के तुरंत बाद चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवारों की सूची तैयार कर उन्हें चुनाव चिन्ह आवंटित किए जाएंगे। यदि आवश्यक हुआ, तो मतदान दोपहर 03:00 बजे से सायं 05:00 बजे के बीच कराया जाएगा और मतदान समाप्त होने के तुरंत बाद मतगणना करके चुनाव परिणाम जारी कर दिए जाएंगे।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने आदर्श आचार संहिता की पालना सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों एवं आदर्श आचार संहिता का पूर्ण पालन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी, निर्भय एवं शांतिपूर्ण वातावरण में निर्वाचन संपन्न कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी सोहन सिंह नरूका, डीएसपी मदन लाल जैफ सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। वहीं राजनीतिक दलों की ओर से हनुमान प्रसाद सैनी, रमेश कुमार जिंदल, वी. के. नवल सहित अन्य प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे