लालसोट समाचार : लालसोट समाचार : पंचायत चुनाव को लेकर प्रशासन अलर्ट, प्रकोष्ठों को सौंपा गया जिम्मा

www.khaskhabar.com | Published : सोमवार, 05 अक्टूबर 2026, 5:10 PM (IST)

एसडीएम एवं रिटर्निंग अधिकारी विजेंद्र मीणा ने दिए आवश्यक दिशा-निर्देश, स्ट्रांग रूम व मतदान केंद्रों की जांच कर रिपोर्ट देने के निर्देश
लालसोट।
पंचायत चुनावों को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। चुनाव व्यवस्थाओं को लेकर एसडीएम एवं रिटर्निंग अधिकारी विजेंद्र मीणा की अध्यक्षता में विभिन्न चुनाव प्रकोष्ठों के प्रभारियों की बैठक आयोजित हुई। बैठक में चुनाव प्रक्रिया को लेकर अब तक की तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में स्ट्रांग रूम की व्यवस्थाओं की जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने की जिम्मेदारी तहसीलदार लालसोट को सौंपी गई। वहीं सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को मतदान केंद्र आवंटित कर दिए गए हैं। उन्हें अपने-अपने आवंटित मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध व्यवस्थाओं एवं संभावित कमियों की जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।
मतदान केंद्रों पर पाई जाने वाली कमियों की पूर्ति विकास अधिकारी, पंचायत समिति लालसोट के माध्यम से कराई जाएगी, ताकि मतदान के दौरान किसी प्रकार की परेशानी सामने नहीं आए।
प्रशासन की ओर से चुनाव संबंधी सूचनाओं एवं व्यवस्थाओं की निगरानी के लिए 24 घंटे सातों दिन कंट्रोल रूम भी सुचारू रूप से शुरू कर दिया गया है। अधिकारियों को चुनाव कार्य में पूरी गंभीरता और समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में बीडीओ अभिषेक मीणा, तहसीलदार लालसोट रमेश शर्मा, चुनाव प्रकोष्ठों के प्रभारी सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

*मनमोहन शर्मा जिलाध्यक्ष और बालमुकुंद शर्मा जिला महामंत्री बने*

*विप्र फाउंडेशन के प्रतिभा सम्मान समारोह में प्रतिभाओं का सम्मान, नवनियुक्त पदाधिकारियों ने ली शपथ*

लालसोट। विप्र फाउंडेशन जोन 1-डी के तत्वावधान में रविवार को जिला स्तरीय ब्राह्मण प्रतिभा सम्मान समारोह एवं दायित्व ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। समारोह में समाज की प्रतिभाओं का सम्मान करने के साथ ही संगठन के नवनियुक्त पदाधिकारियों को उनके दायित्व की शपथ दिलाई गई।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विप्र फाउंडेशन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष भुवनेश्वर शर्मा ‘चच्चू भैया’ कोटा रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में विप्र फाउंडेशन राजस्थान के क्षेत्रीय अध्यक्ष सतीश शर्मा, जोन 1-डी के प्रदेशाध्यक्ष डॉ. हेमंत शर्मा, RAS अधिकारी रवि कुमार शर्मा एवं राकेश शर्मा, राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य सियाराम शर्मा एवं हेमेन्द्र वशिष्ठ, संगठन महामंत्री कैलाश तिवाड़ी, जोन 1-ई के संगठन महामंत्री हरि सूदन शर्मा तथा पूर्व चेयरमैन कृषि उपज मंडी समिति चाकसू कैलाश शर्मा मौजूद रहे।
समारोह के दौरान विप्र फाउंडेशन के प्रदेश एवं विभिन्न जिलों के नवनियुक्त पदाधिकारियों ने मंच पर शपथ ग्रहण की। पदाधिकारियों ने संगठन को मजबूत बनाने, समाजहित में सक्रिय भूमिका निभाने तथा सेवा कार्यों को प्राथमिकता देने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर दौसा जिले में संगठन को नई जिम्मेदारियां भी सौंपी गईं। मनमोहन शर्मा (लोहे वाले) को विप्र फाउंडेशन दौसा का जिलाध्यक्ष, बालमुकुंद शर्मा को जिला महामंत्री तथा मनीष लाटा को जिला महामंत्री युवा प्रकोष्ठ का दायित्व सौंपा गया।
नवनियुक्त पदाधिकारियों ने संगठन के प्रति अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन करते हुए समाज की एकजुटता, प्रतिभाओं को प्रोत्साहन और सेवा गतिविधियों को गति देने का संकल्प व्यक्त किया।


*उम्र को मात देता जज्बा: 70 साल की दादी ने भी दी साक्षरता परीक्षा*

*लालसोट के 39 केंद्रों पर नवसाक्षरों ने दिखाया उत्साह,* *महिलाओं की संख्या रही अधिक; पूर्ण साक्षरता की ओर बढ़ रहा ब्लॉक*

लालसोट। लालसोट ब्लॉक में शिक्षा के उत्सव के रूप में नजर आया। उल्लास-नव भारत साक्षरता कार्यक्रम के तहत आयोजित बुनियादी साक्षरता एवं संख्यात्मकता मूल्यांकन परीक्षा में 70 साल की दादी से लेकर बुजुर्ग पुरुषों तक ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया। ब्लॉक के 39 परीक्षा केंद्रों पर सुबह से ही परीक्षार्थियों की आवाजाही शुरू हो गई थी।
सुबह 9 बजे से ही केंद्रों पर दिखा उत्साह
परीक्षा सुबह 10 बजे शुरू होनी थी, लेकिन परीक्षार्थी एक घंटे पहले ही केंद्रों पर पहुंचने लगे। कई लोगों के लिए यह परीक्षा इसलिए भी खास रही, क्योंकि उन्होंने जीवन में पहली बार औपचारिक रूप से पढ़ने-लिखने और संख्यात्मक ज्ञान का मूल्यांकन कराया। परीक्षा केंद्रों पर महिला परीक्षार्थियों की संख्या पुरुषों की अपेक्षा अधिक रही। कई बुजुर्ग महिलाएं अपनी पोतियों के साथ परीक्षा देने पहुंचीं तो यह दृश्य शिक्षा के प्रति बदलती सोच का संदेश देता नजर आया।

39 केंद्रों पर एक लक्ष्य—पूर्ण साक्षर लालसोट

ब्लॉक साक्षरता समन्वयक अविनाश शर्मा ने बताया कि ब्लॉक के सभी यूसीईईओ एवं पीईईओ को शामिल करते हुए कुल 39 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। परीक्षा सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित हुई। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य केवल लोगों को हस्ताक्षर करना सिखाना नहीं, बल्कि उन्हें पढ़ने-लिखने के साथ अपने अधिकारों, सरकारी योजनाओं और दैनिक जीवन में आवश्यक संख्यात्मक ज्ञान के प्रति सक्षम बनाना है।
परीक्षा में सफल नवसाक्षरों को सरकार की ओर से प्रमाण पत्र दिया जाएगा। यह प्रमाण पत्र उनके लिए आगे की पढ़ाई जारी रखने के साथ विभिन्न सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ लेने में उपयोगी आधार बनेगा।
कंट्रोल रूम से परीक्षा की निगरानी
परीक्षा को व्यवस्थित एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए ब्लॉक स्तर पर कंट्रोल रूम बनाया गया। यहां कृष्ण कुमार जैमिनी, जयप्रकाश शर्मा, सुनील कुमार शर्मा और सुमित कुमार शर्मा ने जिम्मेदारी संभाली। टीम ने परीक्षा केंद्रों से लगातार फीडबैक लिया तथा सामने आई समस्याओं का तत्काल समाधान कराया।
सीबीईओ शीला मीना के निर्देशन में आयोजन
पूरे आयोजन में मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी शीला मीना के निर्देशन में शिक्षा विभाग की टीम सक्रिय रही। एसीबीईओ, पीईईओ, साक्षरता प्रभारियों एवं शिक्षकों ने परीक्षा को सफल बनाने में सहयोग किया। सीबीईओ शीला मीना ने कहा कि शिक्षा का प्रकाश केवल एक व्यक्ति तक सीमित नहीं रहता, बल्कि वह पूरे परिवार और आने वाली पीढ़ियों को रोशन करता है।
ग्रामीण क्षेत्रों में भी साक्षरता को लेकर जागरूकता बढ़ रही है। परीक्षा केंद्रों पर बुजुर्गों और महिलाओं का उत्साह इस बात का संकेत है कि लालसोट ब्लॉक पूर्ण साक्षरता की दिशा में लगातार आगे बढ़ रहा है।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे