CM पद छोड़ सकते हैं अखिलेश, UP की कमान संभालेंगे मुलायम?

www.khaskhabar.com | Published : बुधवार, 14 सितम्बर 2016, 12:39 PM (IST)

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की सत्तारूढ़ पार्टी सपा में छिड़ी जंग के बीच कई बड़ी खबरें आने लगी हैं। ऐसे कयास लगाए जा रहे हैं कि अखिलेश यादव आज सीएम पद से इस्तीफा दे सकते हैं। अगर ऐसा होगा, तो मुलायम सिंह यादव बतौर सीएम यूपी की कमान संभालेंगे। अभी मुलायम दिल्ली में हैं और शिवपाल यादव इटावा में हैं। परिवार के सारे सदस्य के साथ बैठकर मुलायम आज कोई बड़ा फैसला ले सकते हैं।

वहीं इटावा से आई खबर के अनुसार मुलायम के कहने पर नाराज शिवपाल सिंह को मनाने गए घरवालों के हाथ नाकामी लगी है। शिवपाल अभी भी मंत्री पद से इस्तीफे पर अड़े हुए हैं। शिवपाल ने साफ-तौर पर कहा था कि सीएम अखिलेश यादव के साथ काम करने अब उनके लिए नामुमकिन है।

इससे पहले रक्षाबंधन के मौके पर अखिलेश यादव ने शिवपाल के घर जाकर चचेरी बहन से राखी बंधवाई थी। दो दिन बाद शिवपाल ने अखिलेश से मुलाकात की थी और सीएम के काम की तारीफ के पुल बांधे थे। बीती 6 सितंबर को शिवपाल ने कहा कि कौमी एकता दल का सपा में विलय होगा और अखिलेश इसे रोक नहीं सकेंगे। उन्होंने अखिलेश के बारे में कहा था कि अच्छे सीएम हैंए लेकिन राजनीति का तजुर्बा नहीं है। माना जा रहा है कि शिवपाल के इसी बयान से अखिलेश और उनके बीच रार फिर बढ़ गई।