शरीफ के बयान पर भारत बोला, पीओके को बनाया आतंक का गढ

www.khaskhabar.com | Published : मंगलवार, 13 सितम्बर 2016, 10:59 PM (IST)

नई दिल्ली। भारत ने पाकिस्तान के रवैये पर एकबार फिर कडा रूख अपनाया है। कश्मीर मसले का अंतरराष्ट्रीयकरण करने और वहां मानवाधिकार उल्लंघन का आरोप लगाने वाले पाकिस्तान को भारत ने करारा जवाब दिया है। भारत ने पाकिस्तान की हरकतों पर कहा है कि पाकिस्तान ने पीओके को आतंकवाद का गढ बना दिया है।


भारतीय विदेश मंत्रालय ने बयान जारी कर कहा है कि आतंकवाद मानवाधिकार का सबसे बडा उल्लंघन है। साथ ही यह उम्मीद जताई है कि जेनेवा में आतंकवाद और मानवाधिकार उल्लंघन के संबंधों पर चर्चा होगी।

मंत्रालय के प्रवक्ता विकास स्वरूप ने मंगलवार को कहा,जम्मू-कश्मीर और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) के हालात की तुलना नहीं की जा सकती। जम्मू-कश्मीर एक बहुलतावादी और धर्मनिरपेक्ष लोकतंत्र का हिस्सा है जहां के लोगों को एक स्वतंत्र न्यायपालिका के जरिये आजादी मिली है। यह एक वाइब्रेंड सिविल सोसायटी का हिस्सा है जबकि पीओके पर एक डीप स्टेट का शासन है और वैश्विक आतंकवाद का गढ बन चुका है।

ईद उल अजहा पर पाकिस्तानी पीएम नवाज शरीफ ने कश्मीर को लेकर भ़डकाऊ बयान दिया है। शरीफ ने कहा है कि ईद उल अजहा कश्मीरियों के सर्वोच्च बलिदान को समर्पित है। पाकिस्तानी पीएम ने यह भी कहा कि कश्मीर का मसला वहां की अवाम के मुताबिक हल होना चाहिए।

ईद की नमाज के बाद शरीफ ने कहा, कश्मीर की तीसरी पीढी भारत से आजाद होने के लिए संघर्ष कर रही है। वो अपने आत्मनिर्णय के अधिकार के लिए ल़ड रहे हैं। उनपर भारतीय जुल्म कर रहे हैं। वहीं, पाकिस्तानी राष्ट्रपति ममनून हुसैन ने कहा,पाकिस्तान को याद रखना चाहिए कि हमारे कश्मीरी भाई बहन आतंकवाद से पीडित हैं। जरूरत के वक्त हमें उनकी मदद करनी चाहिए।