बुजुर्ग को पीट-पीट कर मौत के घाट उतारा

www.khaskhabar.com | Published : मंगलवार, 13 सितम्बर 2016, 8:20 PM (IST)

कपूरथला। करतारपुर रोड पर स्थित गांव डैणविंड में एक धार्मिक जगह के कब्जे को लेकर 13 लोगों ने बीती देर रात को एक बजुर्ग से मारपीट कर मौत के घाट उतार डाला। इस घटना में मृतक का बेटा घायल हो गया। यह विवाद पहले दोपहर के समय भी हुआ था और पुलिस सूचना पाते ही गांव में पहुंची लेकिन बिना कोई कार्यवाही किए वापिस लौट आई।

उसके बाद रात को फिर विवाद शुरु हो गया और देखते ही देखते में दोनों पक्षों में मारपीट शुरु हो गई और लोगों ने तुरंत घटना की सूचना थाना कोतवाली पुलिस को दी लेकिन पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। जिसके चलते हत्यारों ने बुर्जुग को पीट-पीट कर मार डाला। इसके रोष स्वरुप मंगलवार की सुबह मृतक के परिवार ने सिविल अस्पताल के बाहर चक्का जाम कर पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी तो पुलिस को आनन-फानन में 13 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज करना पड़ा।

जानकारी अनुसार रणजीत सिंह निवासी डैणविंड ने पुलिस को दर्ज शिकायत में बताया कि उसका भाई बाबा मनजीत सिंह सांई गांव के बाहर धार्मिक स्थान पर रह कर सेवा करता है। धार्मिक स्थान की जगह भी उसने वकफ बोर्ड से अपने नाम पर पटे पर ले रखी है। लेकिन गांव के ही प्रीतम सिंह, उसका परिवार व कुछ साथी इस बात का विरोध करते थे। बीती सोमवार 3 बजे बाबा मनजीत सिंह, पिता बग्गा सिंह, भाई जीता, भाई रवि और परिवार के कुछ और लोग धार्मिक स्थान पर सेवा कर रहे थे। ऐसे में प्रीतम सिंह, कपूर चंद, सिमरजीत कौर, सरबजीत सिंह, रणजीत सिंह, गोरी व कुलदीप कौर ने 6 अज्ञात लोगों संग उन पर हमला कर दिया। सभी को खूब पीटा, धार्मिक स्थान की भी तोड़ फोड़ की। बाद में मारने की धमकियां देते हुए फरार हो गए। इस घटना की सूचना उन्होंने तुरंत थाना कोतवाली को दे दी। एक घंटे बाद एएसआई रणजीत सिंह वहां पहुंचे तो फिर भी कार्रवाई नहीं की।

रात 1०.3० बजे बाबा मनजीत सिंह फिर धार्मिक स्थान पर था, जिसे देखने के लिए उनके पिता बग्गा सिंह भी वहां चले गए। ऐसे में प्रीतम सिंह व उसके सभी साथी फिर से धार्मिक स्थान को ताला लगाने के लिए आ गए। आते ही उनके पिता की इतनी बेहरमी से पिटाई की कि उसकी मौके पर मौत हो गई। जबकि बाबा मनजीत सिंह घायल हो गया। बाद में आरोपी घटनास्थल से फरार हो गए। रात को ही उन्होंने कोतवाली पुलिस को फोन भी किया। मगर पुलिस नहीं पहुंची। जिसके रोष स्वरुप मंगलवार की सुबह सिविल अस्पताल के बाहर मृतक के परिवारिक सदस्यों ने रोड जाम कर पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान सूचना पाते ही डीएसपी सब डिवीजन दलजीत सिंह ढिल्लो व पीसीआर प्रभारी इंस्पैक्टर जंग बहादुर शर्मा पुलिस पार्टी के साथ मौके पर पहुंचे और सभी आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज करने के आश्वासन के बाद प्रदर्शनकारियों ने अपना धरना प्रदर्शन समाप्त किया।

कांग्रेस ने किया प्रदर्शन

पुलिस की ओर से हत्या के आरोपियों के खिलाफ कार्यवाही न करने व घटनास्थल पर समय में न पहुंचने के रोष स्वरुप परिवारिक सदस्यों व गांव निवासियों की ओर से सिविल अस्पताल के बाहर दिए गए धरने में कांग्रेस बिग्रेडस के सदस्यों ने पहुंच कर अपना पूर्ण समर्थन दिया। इस दौरान पंडित सुभाष भार्गव, करण महाजन व प्रदीप ठेकेदार ने कहा कि पुलिस की लापरवाही के चलते बुर्जुग की हत्या हुई है।