भरतपुर। सेवर पंचायत समिति क्षेत्र के चितौकरी गांव के उच्च माध्यमिक विद्यालय के कक्षा 1 से 8 तक के सभी 163 छात्र-छात्राओं को लुपिन एवं विद्यालय के स्टाफ द्वारा स्कूली पोशाक (गणवेश) वितरित की गई। पोशाकों वितरण लुपिन ग्राम विकास पंचायत के अध्यक्ष हीरासिंह ने किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्था के मुख्य कार्यक्रम प्रबन्धक जे पी सिंह ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में विद्यालय विकास समिति के अध्यक्ष ओमप्रकाश चितौकरी उपस्थित थे।
कार्यक्रम में हीरासिंह ने कहा कि गरीब बच्चों को स्कूली पोशाक मिलने के बाद उनमें जागृति आएगी और वे अधिक मनोयोग से अपना अध्ययन का कार्य शुरू करेंगे। जेपी सिंह ने कहा कि संस्था विद्यालय में अन्य विकास के कार्य भी कराएगी। इसके लिए कार्ययोजना तैयार की जा रही है। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य हेमेन्द्र गोयल ने अतिथियों का स्वागत किया और गरीब विद्यार्थियों को पोशाक वितरण के कार्य को अनुकरणीय बताया। कार्यक्रम में संस्था के शिक्षा कार्यक्रम प्रभारी राजकुमार माथुर, सेवर के वरिष्ठ परियोजना समन्वयक राजेन्द्र माहुरे एवं विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित था।