सड़कों के रखरखाव में एमएसएस प्लस तकनीक के उपयोग की संभावनाएं का आकलन किया जाये- मुख्य सचिव

www.khaskhabar.com | Published : शुक्रवार, 07 अगस्त 2026, 4:19 PM (IST)

जयपुर। मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने कहा कि राज्य में सड़कों के रखरखाव के लिए मॉडिफाइड मिक्स सील सरफेसिंग (एमएसएस प्लस) तकनीक की उपयोगिता का आकलन किया जाए तथा राज्य की परिस्थितियों के अनुरूप इसके उपयोग की संभावनाएं तलाश की जाएं। मुख्य सचिव ने शुक्रवार को शासन सचिवालय में सीएसआईआर–सेंट्रल रोड रिसर्च इंस्टीट्यूट (सीआरआरआई), नई दिल्ली के साथ बैठक में यह बात कही।
बैठक में सीएसआईआर-सीआरआरआई के मुख्य वैज्ञानिक एवं फ्लेक्सिबल पेवमेंट डिवीजन के प्रमुख सतीश पांडेय ने एमएसएस प्लस तकनीक के बारे में विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया। उन्होंने बताया कि यह तकनीक बिटुमिनस सड़कों के रखरखाव के लिए उत्तम है तथा पर्यावरण के अनुकूल भी है। इसके उपयोग से सड़क की ऊपरी परत अधिक समय तक टिकाऊ रहती है। इसे बनाने में कम ईंधन की आवश्यकता होती है तथा इससे कार्बन उत्सर्जन भी कम होता है। उन्होंने तकनीक से जुड़े परीक्षणों और इसके लाभों की भी जानकारी दी। बैठक में अतिरिक्त मुख्य सचिव सार्वजनिक निर्माण विभाग प्रवीण गुप्ता सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे