रोशमिता मिस दीवा 2016, नजरें मिस यूनिवर्स पर

www.khaskhabar.com | Published : सोमवार, 12 सितम्बर 2016, 3:38 PM (IST)

नई दिल्ली। बेंगलुरु की रहने वाली रोशमिता हरिमूर्ति ने याम्हा फैसिनो मिस दीवा का अवॉर्ड अपने नाम कर लिया है। इस खिताब के साथ ही रोशमिता को अगले वर्ष होने वाली मिस यूनिवर्स प्रतियोगिता में एंट्री मिल गई है अब रोशमिता मिस यूनिवर्स में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी। 22 साल की रोशमिता ने 15 अन्य प्रतिभागियों को पीछे छोड याम्हा फैसिनो मिस दीवा अवॉर्ड जीता है। प्रतियोगिता के लिए विभिन्न शहरों से 16 प्रतिभागियों को चुना गया था।

इनके चुनाव के लिए लखनऊ, इंदौर, अहमदाबाद, कोलकाता, चंडीगढ़, पुणे, हैदराबाद और दिल्ली में कार्यक्रम आयोजित किए गए थे। याम्हा फैसिनो मिस दीवा के जजों के पैनल में फिल्म अभिनेत्री लारा दत्ता, अभिनेता अर्जुन रामपाल, अभिनेता अभय देओल, अभिनेत्री अदिति राव हैदरी और डिजाइनर गौरव गुप्ता शामिल थे। रोशमिता इंटरनेशनल बिजनेस में मास्टर डिग्री की पढाई कर रही हैं।

अब रोशमिता मिस यूनिवर्स प्रतियोगिता की तैयारी में जुट जाएगी। यह प्रतियोगिता 2017 के प्रारंभ में आयोजित की जाएगी। याम्हा फैसिनो मिस दीवा प्रतियोगिता में कॉमेडियन वीर दास ने अपने चुटकलों से सभी को हंसाया और अभिनेत्री परिणीति चोपडा एवं अन्य कलाकारों ने अपनी कला का प्रदर्शन किया।

ज्ञातव्य है कि वर्ष 2000 में लारा दत्ता ने मिस यूनिवर्स का खिताब जीता था। लारा दत्ता के बाद अभी तक भारत के किसी भी प्रतिभागी को यह ताज प्राप्त नहीं हुआ। अब रोशमिता से उम्मीदें हैं कि वे भारत के लिए मिस यूनिवर्स के ताज को प्राप्त करेंगी।