शिवसेना ने कसा मोदी पर तंज, अपने दम पर चुनाव लडऩे की तैयारी

www.khaskhabar.com | Published : सोमवार, 12 सितम्बर 2016, 2:54 PM (IST)

जोधपुर। शिवसेना के उत्तर भारत समन्वयक विनय शुक्ला ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर तंज कसते हुए कहा कि भारत को 56 इंच चौड़ी छाती वाले नहीं बल्कि 56 इंच चौड़े कलेजे वाले शख्स की जरूरत है। शुक्ला ने जोधपुर प्रवास के दौरान मीडिया से रू-ब-रू होते हुए ये बात कही। शुक्ला से पूछा गया कि मोदी सफल है या असफल तो उन्होंने साफ लफ्जों में कहा कि इतना जल्द विश्लेषण करना गलत होगा। उन्होंने कहा कि विदेशी यात्राओं की धमक तो ठीक है लेकिन, महंगाई का भस्मासुर मोदी को जनता से दूर कर रहा है।

राजनीति में करेंगे नई पहल

भाजपा से बगावती लहजे में शुक्ला ने कहा कि शिवसेना देश की राजनीति को नई दिशा देने की पहल करने जा रही है। आने वाले क्षेत्रीय चुनावों में शिवसेना अपने दम पर चुनाव लडऩे की तैयारी कर रही है। इतना ही नहीं शिवसेना देश में हिन्दुओं की रक्षा के लिए सदैव की भांति ही तत्पर रहेगी। शुक्ला ने कहा कि देश ने गौ माता का दूध पीया है और अब हमें गाय की रक्षा को लेकर सजग होने की जरूरत है। गौ रक्षकों पर मोदी के बयान को शुक्ला ने बचकाना बयान बताया और कहा कि ऐसे बयान हिंदुओं की भावनाओं के साथ खिलवाड़ हैं।