सीवान। बिहार के सीवान में अपने तीन बेटों की हत्या का दर्द झेल चुके और शहाबुद्दीन के खिलाफ लंबी कानून लड़ाई लड़ चुके चंदा बाबू और कलावती देवी फिर दहशत में हैं। चंद्रकेश्वर प्रसाद उर्फ चंदा बाबू ने कहा, ‘शहाबुद्दीन की जमानत पर रिहाई हमारे लिए मौत की सजा से कम नहीं हैं। हमको डर है कि यहां पहले जैसा ही माहौल हो जाएगा। हमारे तीनों बेटे मारे जा चुके हैं, हम आखिर सीवान छोडक़र कहां जाएंगे?’
कलावती देवी ने कहा, ‘हमारे दो बेटों की मौत के बाद तीसरे की भी हत्या
करवा दी गई। कोर्ट में शहाबुद्दीन ने खड़े होकर कहा था कि लडक़े का ब्याह हो
गया है, श्राद्ध भी करवा लेना। हमारा सबकुछ छीन लिया गया। गौरतलब है कि
सीवान के इस परिवार में 6 लोग थे, लेकिन अब तीन ही बचे हैं। घर के तीन जवान
बेटों की हत्या कर दी गई थी और बुजुर्ग मां बाप को अपनी जान का डर सता रहा
है। हालांकि शहाबुद्दीन की जमानत रद्द करवाने के लिए वकील प्रशांत भूषण ने
सुप्रीम कोर्ट में जाने का ऐलान किया है।
जब तक जिंदा हैं, सीवान छोडक़र नहीं जाएंगे
चंदा
बाबू के तीन बेटों की हत्या का आरोप शहाबुद्दीन पर है। 2 बेटों को अगवा
करने के बाद तेजाब से नहलाकर मार दिया गया था, जबकि तीसरा और सबसे बड़ा
बेटा केस का चश्मदीद गवाह था, उसे भी शहाबुद्दीन के लोगों ने सरेआम मार
डाला था। अब चंदा बाबू उनकी पत्नी और एक दिव्यांग बेटा बचा है। तीन जवान
बेटों को गंवा चुके इस पिता को इंसाफ की उम्मीद थी लेकिन अब वह भी खत्म हो
चुकी है।
कलावती देवी ने कहा कि स्थानीय लोग डर से चुप रहते हैं।
उन्होंने कहा कि प्रशासन की तरफ से उन्हें गार्ड मिले हैं लेकिन वह क्या
हमारी रक्षा करेंगे? 3 गार्ड 10 लोगों का मुकाबला कहां से कर पाएंगे? उनके
डर से हमारे एक भाई पटना छोड़ कर मुंबई चले गए। हमारे भाई को हार्ट फेल हो
गया। कलावती देवी ने कहा कि जब तक हम जिंदा हैं, सीवान छोडक़र नहीं जाएंगे।