गोरखपुर।जनपद की एसटीएफ यूनिट ने महानगर और आसपास के बेरोजगार युवकों को कनाडा व अन्य देशों में रोजगार का लालच देकर धन उगाही करने और उनके साथ धोखाधड़ी कर माल उड़ाने वाले एक गैंग का पर्दाफाश किया है।
गोरखपुर की एसटीएफ यूनिट के सीओ विकास चंद्र त्रिपाठी को सूचना मिली थी कि कुछ ठग बेरोजगारों को विदेश भेजवाने के नाम पर रुपये लेकर उन्हें फर्जी वीजा दिलवा रहे हैं। इस काम में वे चंडीगढ़ की एक एजेंसी का नाम भी इस्तेमाल कर रहे हैं। उन्होंने अपने सहयोगी जवानों को साथ लेकर घेराबंदी की। रात में एसटीएफ की इस यूनिट ने कैंट क्षेत्र में घेराबंदी कर सचिन, शशिकांत, सोनू और सोनू वर्मा को गिरफ़तार कर लिया।
इनके पास से बेरोजगारों के 30 पासपोर्ट, 29 फर्जी वीजा, कनाडा की एक कम्पनी के फर्जी नियुक्ति पत्र, दो लैपटाप, 13 मोबाइल, 8 सिमकार्ड तथा दो बाइक बरामद कर ली। कैंट थाने की एक मुहर भी इनके पास से मिली है।
पूछताछ में मालूम हुआ है कि ये एक निजी बैंक के कर्मचारी के सहयोग से फर्जी सिमकार्ड एलाटकर बैंक खातों में भी हेरफेर कर देते थे। सचिन और शशिकांत को आनलाइन शापिंग के जरिए ठगी करने के आरोप में मुंबई पुलिस ने गिरफ़तार किया था।
ये लोग विभिन्न बेरोजगार युवकों से उनके पासपोर्ट लेकर चंडीगढ़ की एक कंपनी के नाम पर कूटरचित,फर्जी वीजा तैयार कर उनको कनाडा आदि देश में भेजने के नाम पर चीटिंग कर धन वसूली करते थे ।अभियुक्तगण विभिन्न बैंको से खाता धारकों की गोपनीय विवरण प्राप्त कर मोबाइल फ़ोन की फर्जी गुमशुदगी रिपोर्ट तैयार कर नया सिम अलॉट कराकर खाते से अवैध रूप से पैसा दूसरे अकाउंट में ट्रांसफर कर देते थे ।