देश में अक्टूबर में रेल ट्रैक पर दौडेगी हमसफर ट्रेन

www.khaskhabar.com | Published : रविवार, 11 सितम्बर 2016, 9:13 PM (IST)

कपूरथला। रेल कोच फैक्टरी कपूरथला से प्रथम हमसफर रेलगाडी का रेक को सौप दिया था। अब राजधानी और शताब्दी जैसी प्रमुख ट्रेनों में सर्ज प्राइसिंग शुरू करने के बाद ‘हमसफर’ ट्रेनों को अक्टूबर में रेल ट्रैकों पर उतारने की तैयारी हो रही है लेकिन इनका किराया सामान्य मेल या ऐक्सप्रेस सेवाओं से तकरीबन 20 प्रतिशत ज्यादा होगा। रेल बजट 2016-17 में रेल मंत्री सुरेश प्रभु ने ‘हमसफर’ ट्रेन का ऐलान किया था जो कि एक विशेष श्रेणी सेवा है जिसमें सिर्फ एसी 3 कोच ही हैं।

इसके नई दिल्ली से गोरखपुर के बीच शुरू होने की संभावना है। रेल मंत्रालय के एक आला अफसर ने कहा कि रातभर के अंतरराज्यीय सफर के लिए हमसफर एक विशेष श्रेणी ट्रेन है जिसमें कई अतिरिक्त सेवाएं हैं जो अन्यथा सामान्य एसी 3 कोचों में उपलब्ध नहीं होती हैं। हमसफर ट्रेनों में सीसीटीवी, जीपीएस आधारित यात्री सूचना प्रणाली, आग और धुएं को पकडऩे वाली और रोक लगाने वाली प्रणाली, तथा हर बर्थ पर मोबाइल, लेपटॉप को चार्ज करने के लिए प्वाइंट होंगे। इसमें एकीकृत ब्रेल डिस्प्ले भी होंगे। इसके साथ ही, हमसफर की खूबसूरती बेहतर होगी। ट्रेन के आतंरिक और बाहरी रंगों को भी बदला जाएगा जिससे बेहतर लुक आएगा। साथ ही में विनाइल शीट्स का इस्तेमाल किया गया है जो महाराजा एक्सप्रेस के कोचों जैसा है।

सुविधाएं ज्यादा होने से किराया अधिक

अधिकारी ने कहा की ट्रेन के विशेष श्रेणी सेवा में आने से इसमें कई आधुनिक सुविधाएं हैं, जिससे रेलवे पर ज्यादा भार आया है। इसलिए अतिरिक्त भार को पूरा करने के लिए किराया उसके मुताबिक ज्यादा रहेगा। कितना कराया ज्यादा होगा यह पूछे जाने पर अधिकारी ने कहा की किराये का ढांचा अभी तैयार नहीं हुआ है और इस पर काम चल रहा है। उन्होंने कहा कि सामान्य मेलएक्सप्रेस किराये से इसका किराया 20 प्रतिशत से ज्यादा नहीं होना चाहिए।

हमसफर गाड़ी के लिए डिब्बे पूरी तरह से एअर कण्डीशनड इस गाड़ी में दो पावर कार सहित 19 एसी 3 टियर के स्टेनलेस स्टील डिब्बे लगाए गए हैं। इन डिब्बों में नाइट लाइट के लिए एल ईडी लाइटस का प्रयोग किया गया है। यात्रियों को सुविधा देने के लिए साइड बर्थ में भी अब मोबाइल फोन चार्जिंग साकेट लगाए गए हैं। टॉयलट को और सुसज्जित करते हुए सोप डिस्पेंसर का प्रयोग किया गया है। सभी डिब्बों में दृष्टि विहीन यात्रियों के लिए ब्रेल साइनेज का प्रयोग किया गया है। विविधता के लिए इन डिब्बों को राजधानी, शताबदी तथा अन्य मेल एक्सप्रेस ट्रेनों से भिन्न पेंट किया गया है।

160 की रफ्तार से दौड़ेगी ट्रेन

आरसीएफ को इस वित्तीय वर्ष में 5 रेक हमसफर ट्रेन के लिए बनाने हैं। ट्रेन की रफ्तार 160 किलोमीटर प्रतिघंटा होगी। देश में फिलहाल पांच हमसफर ट्रेन चलाने की योजना है। बता दें, देश में शताब्दी व राजधानी एक्सप्रेस को तेज ट्रेनों में शुमार किया जाता है। इनकी औसत स्पीड करीब 130 किलोमीटर है। राजधानी व शताब्दी के एलएचबी कोचों में आम तौर पर 64 सीटें होती हैं, लेकिन हमसफर के यात्रियों के लिए 72 सीटें होंगी। हमसफर’ में बड़ी पैंट्री की जगह मिनी पैंट्री रहेगी। यात्रियों को खान-पान की हर सुविधा के साथ ओवन व फ्रिज की सुविधा भी मिलेगी। इस ट्रेन में डिस्क ब्रेक लगी होगी। सीबीसी जर्क फ्री होने की वजह से झटके भी नहीं लगेंगे।

एक कोच की लागत ढाई करोड़ रुपए
स्वच्छता के मद्देनजर आरसीएफ इन कोचों में डस्टबिन भी है । एक कोच पर करीब ढाई करोड़ रुपये की लागत आई है, जबकि आम तौर पर चलने वाले थ्री टायर एसी कोच की लागत सवा करोड़ होती है। इस उद्देश्य को पूरा करने के लिए रेल कोच फैक्ट्री से बन कर जा रहे सभी डिब्बों में बायो टॉयलेट लगाए जा रहे है। रेल कोच फैक्ट्री कपूरथला में यात्री सुविधा , सुरक्षा और आरामदायक कोचों का निर्माण किया जा रहा है। वही रेल यात्रियों की यात्रा को सुगम बनाने में लगा रेल मंत्रालय एक नई तरह की ट्रेन चलाने जा रहा है। एक ऐसी ट्रेन जो लोगों की ट्रेन प्रति सोच ही बदल देगी। सारी सुविधाओं से लैस तेजस नाम की यह ट्रेन जल्द ही पटरियों पर दौड़ेगी। रेलवे ने तेजस ट्रेनों में मनोरंजन की हाईटेक व्यवस्था, वाई-फाई की सुविधा और इंटीग्रेटेड ब्रेल डिस्प्ले की व्यवस्था की है। ट्रेन में सीसीटीवी की व्यवस्था भी है। साथ ही प्लेन की तरह पर्सनल वीडियो स्क्रीन भी होगी। इन ट्रेनों में कॉफी वेंडिंग मशीन की सुविधा भी होगी।