गुडगांव में अंडरपास,फ्लाईओवर की नींव

www.khaskhabar.com | Published : रविवार, 11 सितम्बर 2016, 7:58 PM (IST)

गुडगांव। केंद्रीय सडक परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी और हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने रविवार को गुडगांव में नए अंडरपास और फ्लाईओवर के निर्माण की आधारशिला रखी। इस समारोह का आयोजन ताऊ देवी लाल स्टेडियम गु़डगांव में किया गया, जहां गडकरी और खट्टर ने सार्वजनिक सभा को संबोधित किया।

राजीव चौक, राव तुला राम चौक (सिग्नेचर टॉवर) और दिल्ली-गु़डगांव एक्सप्रेसवे पर इफको चौक पर नए अंडरपास के निर्माण और सुधार और फ्लाईओवर बनाने के लिए 1,005 करोड रूपये की लागत वाली परियोजनाओं की नींव रखी गई। केंद्रीय राज्यमंत्री और गुडगाव से सांसद राव इंद्रजीत सिंह और हरियाणा के लोक निर्माण मंत्री राव नरबीर सिंह भी वहां मौजूद थे।

इसके साथ ही जिंद मिनी बाईपास पर हरियाणा राज्य में NH-71 के एक भाग के चार लेन की 70.178 किमी लंबे जिंद (हरियाणा)-पंजाब सीमा पर 1,069 करोड रूपये की लागत वाली परियोजना की शुरूआत की गई। एक अधिकारी ने कहा कि गुडगांव में यह परियोजना रिकार्ड समय 15 महीने में पूरी हो जाएगी। (आईएएनएस)