जयपुर । मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के महासचिव और पोलित ब्यूरो के सदस्य सांसद
सीताराम येचुरी अपनी बेबाक राय के लिए जाने जाते हैं। राष्ट्रीय और
अन्तरराष्ट्रीय मुद्दों की उनको गहरी समझ है। संसद में उनकी बात गंभीरता से
सुनी जाती है। गत दिनों वे पार्टी की संगठनात्मक बैठक में भाग लेने के लिए
जयपुर आए हुए थे। इस मौके पर खासखबर डाट.कॉम ने उनसे राजनीतिक, आर्थिक और
अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर विस्तृत बातचीत की। इस बातचीत का सार यह निकला कि
वह केन्द्र की सरकार को राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर पूरी तरह
असफल मानते हैं ।
पेश है उनसे की गई बातचीत के मुख्य अंश-
प्रश्न : देश में लगातार महंगाई बढ़ रही है इसके लिए आप किसको जिम्मेदार मानते है?
केन्द्र
की भाजपा सरकार हर मोर्चे पर फेल हो गई है। खासकर आर्थिक मोर्चे पर, न तो
आम जनता को राहत है ना ही किसानों को। हमारे प्रधानमंत्री ने वादा किया था
कि किसानों के लिए फसलों का समर्थन मूल्य बढ़ाया जाएगा पर हुआ इसका उलटा
किसानों को कोई राहत नहीं मिली है। किसानों में आत्महत्या का प्रतिशत 26
प्रतिशत बढ़ गया है। इसका एक उदाहरण मैं आपको देता हूं, सरकार ने दाल का
समर्थन मूल्य 52 रुपए किलो घोषित कर रखा है लेकिन पिछले दिनों जब किल्लत
हुई तो सरकार ने विदेश से 152 रुपए प्रति किलो दाल आयात की जो दिल्ली में
200 रुपए तक बेची गई। महंगाई लगातार बढ़ रही है। आम आदमी इस महंगाई से
त्रस्त हो गया है।
प्रश्न : सरकार कहती है हमने एक लाख लोगों को नौकरी दी है, आप क्या मानते हैं यह आंकड़ा सही है?
देखिए,
सरकार कहती है हमने एक लाख लोगों को नौकरी दी जबकि असलियत यह है कि देश
में नए नौजवान जो आए है वो एक करोड़ है। अब बताइए कितना प्रतिशत हुआ। सिर्फ
एक प्रतिशत। बेरोजगारी बढ़ रही है। नौजवानों से किए गए वादे सिर्फ झूठे
साबित हुए हैं।
प्रश्न :सरकार किसकी है किसानों की या उद्योगपतियों की?
सरकार
किसानों की तो कतई नहीं है। इसका सीधा सा उदाहरण है सरकार ने बैंकों में
उद्योगपतियों के एक लाख करोड़ रुपए के कर्जे माफ कर दिए जबकि किसानों से
वसूली की जा रही है। असल में कर्जे तो किसानों के माफ होने चाहिए थे।
प्रश्न
:कश्मीर में आप सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल में शामिल थे, आप गिलानी से मिलने
गए थे उन्होंने मिलने से इनकार कर दिया क्या यह सच है?
जम्मू-कश्मीर
में पीडीपी-भाजपा गठबंधन की सरकार है। पहले तो किसी ने आंदोलनकारियों से
बातचीत नहीं की, जब सरकार की आलोचना होने लगी तो सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल
भेजने का फैसला किया गया। गिलानी ने हमसे कहा, प्रतिनिधमंडल के पास किसी
तरह का फैसला लेने का कोई अधिकार तो है नहीं फिर बातचीत का क्या फायदा।
उनका कहना था कि पहले भी ऐसे प्रतिनिधिमंडल से बातचीत हो चुकी है लेकिन
इसका नतीजा कोई नहीं निकलता। सरकार को चाहिए कि जम्मू-कश्मीर सरकार के ही
नुमाइंदों को बातचीत के लिए भेजे।
प्रश्न :कश्मीर समस्या का समाधान क्या है ?
कश्मीर
समस्या का एकमात्र समाधान बातचीत है । दमन से आज तक किसी भी समस्या का हल
नहीं निकला है। सरकार को बातचीत से ही समाधान निकालना चाहिए।
प्रश्न :विदेश नीति के मामले में आप सरकार को किस हद तक सफल मानते हैं?
इस
समय अन्तराष्ट्रीय स्तर पर भारत की जो छवि है वो अमेरिका के जूनियर
पार्टनर की हो गई है। अमेरिका के लिए सारे दरवाजे खोल दिए गए है। दक्षिण
एशिया में इसका असर खराब होता जा रहा है। इससे पहले भारत की छवि विकासशील
देशों के नेता के रुप में थी स्वतंत्र अस्तित्व था जो खत्म होता जा रही है।
प्रश्न
:पूरे विश्व में साम्यवाद का असर खत्म होता जा रहा है. हमारे यहां भी
वामपंथ का असर कम हुआ है इसका उदाहरण पश्चिम बंगाल और केरल में चुनावों की
हार है। ऐसे में देश की साम्यवादी पार्टियों को एकजुट होने की जरूरत है?
हां,
यह सही है मैं इसका खंडन नहीं करूंगा पर असलियत यह नहीं है, हम लगातार आगे
बढ़ रहे हैं। इसे चुनाव से जोड़ कर नहीं देखा जाना चाहिए। रही बात साम्यवादी
पार्टियों के एकजुट होने की तो जो भी आंदोलन हो रहे हैं, सभी साम्यवादी
दल एक रहते हैं।
प्रश्न :इस समय देश के माहौल पर आप की क्या राय है?
मेरी
नजर में देश में आरएसएस और भाजपा के संगठन विश्व हिन्दू परिषद, बजरंग दल,
गौरक्षक समितियां सभी देश में सांप्रदायिक माहौल खराब करने पर तुले हुए
हैं। दलितों पर अत्याचार किए जा रहे हैं। मेवात में लोगों को बीफ के नाम पर
डराया-धमकाया जा रहा है। इसका कारण यूपी में आने वाले चुनाव है क्योंकि
माना जाता है जिसके पास यूपी है वहीं पार्टी केन्द्र में सरकार बनाती है।
भाजपा इसलिए सांप्रदायिकता फैला रही है। गौरक्षक समितियों के पदाधिकारी
दलितों पर अत्याचार कर रहे हैं। इन गौरक्षक समितियों पर पाबंदी लगानी
चाहिए।
प्रश्न :प्रधानमंत्री खुद ही राज्य सरकारों को कह चुके है ऐसे लोगों पर कार्रवाई करने के लिए।
हां,
कहां तो है लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। उन्होंने कहा कि दिन में
गौरक्षक रात को इसकी आड़ में अपराध करते हैं। एक प्रधानमंत्री को ये सब
कहने की क्या जरूरत आ गई वो भी ऐसे समय जब मामला बहुत आगे बढ़ गया, उनकी
आलोचना की जाने लगी। ऐसे में उन्हें कहने की भी जरूरत नहीं है, सीधा सा
कार्रवाई के निर्देश देते।
आखिरी सवाल, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के बारे में आपकी क्या राय है?
मोदी
जी अभी तक चुनावी माहौल से बाहर ही नहीं निकल पा रहे हैं, ढाई साल हो गए
है उन्हें लगता है अभी तो सत्ता संभाली ही है, कुछ निर्णय नहीं ले पा रहे
हैं। पिछले दिनों एक जानकारी आई थी, मोदी जी ने ढाई साल में जितने भी देशों
की यात्रा की है उसके बाद भी 83 देश अभी बाकी है जिनकी यात्रा करनी बाकी
है। सरकार उसकी तैयारी में जुट गई है।