चन्द्रमा से जुड़े अभियानों में तेज़ी के बीच, संयुक्त राष्ट्र ने सोमवार को सरकारों से आग्रह किया कि चन्द्रमा पर मानव अभियानों का नया दौर, पृथ्वी या अन्तरिक्ष पर्यावरण की दीर्घकालिक सुरक्षा की क़ीमत पर नहीं होना चाहिए.
संयुक्त राष्ट्र पर्यावरण कार्यक्रम (UNEP) के वरिष्ठ अधिकारी जेसन जब्बूर ने कहा, “दशकों से बढ़ती अन्तरिक्ष गतिविधियों से स्पष्ट है कि हर प्रक्षेपण का पर्यावरण पर असर पड़ता है. इस असर को पूरी तरह समझने में समय लग सकता है. इसलिए अन्तरिक्ष कार्यक्रमों की शुरुआत से ही उनके टिकाऊपन पर ध्यान देना बेहद ज़रूरी है.”यह क्यों महत्वपूर्ण है• पृथ्वी के आसपास अन्तरिक्ष मलबा तेज़ी से बढ़ रहा है.
• उपग्रहों से होने वाला प्रदूषण वायुमंडल और ओज़ोन परत को प्रभावित कर सकता है.
• संयुक्त राष्ट्र की सन्धियाँ, ज़िम्मेदार अन्तरिक्ष अन्वेषण और मलबा कम करने को बढ़ावा देती हैं.
• अन्तरिक्ष की सुरक्षा से पृथ्वी पर जीवन और पारिस्थितिकी तंत्रों की रक्षा में मदद मिलती है.बाहरी अन्तरिक्ष को प्रदूषण से बचाने के लिए अन्तरराष्ट्रीय समझौते मौजूद हैं. इसके बावजूद, एक मिलीमीटर से बड़े अन्तरिक्ष मलबे के अनुमानतः 14 करोड़ टुकड़े पृथ्वी की कक्षा में घूम रहे हैं.इनमें से अधिकतर इतने छोटे हैं कि उन पर नज़र रखना सम्भव नहीं है, लेकिन वे उपग्रहों और अन्तरिक्ष यानों को नुक़सान पहुँचा सकते हैं.हालाँकि पर्यावरण से जुड़ी चिन्ताएँ केवल मलबे से टकराव के ख़तरे तक सीमित नहीं हैं.उपग्रह समूहनिष्क्रिय उपग्रह अन्ततः पृथ्वी के वायुमंडल में दोबारा प्रवेश करते हैं. इस दौरान वे एल्यूमीनियम, लिथियम और ताँबे जैसी धातुएँ छोड़ते हैं. वैज्ञानिक यह जानने की कोशिश कर रहे हैं कि इन पदार्थों का वायुमंडल की रासायनिक संरचना, बादलों के निर्माण और ओज़ोन परत पर क्या असर पड़ सकता है.रॉकेट से अलग हुए हिस्से भी इस समस्या को बढ़ाते हैं. कुछ हिस्से टूटने या पृथ्वी पर गिरने से पहले वर्षों तक कक्षा में बने रहते हैं, जबकि अन्य हज़ारों टुकड़ों में बिखर जाते हैं. अनुमान है कि हर वर्ष सैकड़ों टन अन्तरिक्ष यान और रॉकेट के हिस्से वायुमंडल में दोबारा प्रवेश करते हैं. उपग्रह समूहों की संख्या बढ़ने के साथ यह मात्रा भी बढ़ने की आशंका है.अन्तरिक्ष अभियानों में इस्तेमाल होने वाली छोटी वस्तुएँ - जैसेकि बोल्ट, लेंस के ढक्कन एवं सुरक्षा आवरण भी पृथ्वी की कक्षा में मलबे और भीड़ को बढ़ाती हैं. टक्करों और विस्फोटों से सूक्ष्म कण पैदा होते हैं, जो वैज्ञानिकों के अनुसार रात के आकाश की चमक बढ़ा रहे हैं.लगातार बना ख़तराहालाँकि पृथ्वी के वायुमंडल में दोबारा प्रवेश करते समय अधिकतर अन्तरिक्ष यान जलकर नष्ट हो जाते हैं. लेकिन उनके बड़े, ताप-प्रतिरोधी हिस्से बच सकते हैं, जिससे लोगों, बुनियादी ढाँचे और समुद्री जीवन को ख़तरा हो सकता है.चन्द्रमा हज़ारों वर्षों से मानवता के आकर्षण का केन्द्र रहा है. उसने पौराणिक कथाओं, विज्ञान और नौवहन को प्रेरित किया है. अपने शक्तिशाली गुरुत्वाकर्षण प्रभाव के ज़रिए वह पृथ्वी पर जीवन को भी प्रभावित करता है.20 जुलाई को अन्तरराष्ट्रीय चन्द्रमा दिवस के अवसर पर संयुक्त राष्ट्र, चन्द्रमा के महत्व के साथ-साथ अन्तरिक्ष अन्वेषण के नए दौर से जुड़ी पर्यावरणीय चुनौतियों की ओर भी ध्यान आकर्षित कर रहा है.चन्द्रमा की अहम भूमिकापृथ्वी से लगभग चार लाख किलोमीटर दूर स्थित चन्द्रमा, ज्वार-भाटा उत्पन्न करता है. इससे तटीय जल में ऑक्सीजन और पोषक तत्वों का प्रवाह बढ़ता है तथा ग्रेट बैरियर रीफ़ समेत समृद्ध समुद्री पारिस्थितिकी तंत्रों को सहारा मिलता है. वैज्ञानिकों के अनुसार, चन्द्रमा के अध्ययन से सौरमंडल की उत्पत्ति और विकास के बारे में भी अहम जानकारी मिलती है.हाल के वर्षों में चन्द्रमा की खोज में दिलचस्पी तेज़ी से बढ़ी है. इस वर्ष की शुरुआत में NASA के आर्टेमिस II मिशन के तहत चार अन्तरिक्ष यात्रियों ने चन्द्रमा के चारों ओर 10 दिन की यात्रा की. यह 2030 के दशक में चन्द्रमा की सतह पर दीर्घकालिक मानव उपस्थिति स्थापित करने की योजना का हिस्सा है. चीन, भारत, जापान और कई निजी कम्पनियाँ भी महत्वाकाँक्षी चन्द्र अभियानों पर काम कर रही हैं.लेकिन अन्तरिक्ष गतिविधियाँ बढ़ने के साथ उनके पर्यावरणीय प्रभावों को लेकर चिन्ताएँ भी बढ़ रही हैं.अन्तरिक्ष टिकाऊपन का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि पृथ्वी से बाहर की गतिविधियों और अन्वेषण के दौरान अन्तरिक्ष पर्यावरण को भावी पीढ़ियों के लिए सुरक्षित रखा जाए.संरक्षण की दिशा में पहलइन प्रतिबद्धताओं को आगे बढ़ाते हुए, संयुक्त राष्ट्र के सदस्य देशों ने अन्तरिक्ष मलबे को सीमित करने के लिए दिशानिर्देश अपनाए हैं. इनमें अनावश्यक कचरा घटाना, विस्फोट रोकना, अन्तरिक्ष यानों को जानबूझकर नष्ट करने से बचना और निष्क्रिय उपग्रहों व रॉकेट के हिस्सों को सुरक्षित रूप से कक्षा से हटाना शामिल है.वर्ष 1972 के संयुक्त राष्ट्र दायित्व कन्वेंशन (UN Liability Convention) के तहत, अन्तरिक्ष में वस्तुएँ भेजने वाले देश, पृथ्वी पर उनसे होने वाले नुक़सान के लिए ज़िम्मेदार होते हैं. यह नियम कई देशों द्वारा संयुक्त रूप से किए गए प्रक्षेपणों पर भी लागू होता है.इन उभरते ख़तरों से निपटने के लिए संयुक्त राष्ट्र पर्यावरण कार्यक्रम (UNEP) और संयुक्त राष्ट्र बाह्य अन्तरिक्ष मामलों का कार्यालय मिलकर काम कर रहे हैं. वे अन्तरिक्ष गतिविधियों के पर्यावरणीय प्रभावों की वैज्ञानिक समझ बढ़ाने और भविष्य की अन्तरिक्ष नीतियों में पर्यावरण संरक्षण को शामिल करने का प्रयास कर रहे हैं.संयुक्त राष्ट्र का कहना है कि मानवता जब चन्द्रमा पर दीर्घकालिक वापसी की तैयारी कर रही है, तब अन्तरिक्ष और पृथ्वी के पर्यावरण की रक्षा को प्राथमिकता दी जानी चाहिए.