जोधपुर : यात्रियों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वाली लग्जरी और स्लीपर बसों पर चला चाबुक, संयुक्त टीम की कार्रवाई में 8 बसें जब्त

www.khaskhabar.com | Published : शुक्रवार, 10 जुलाई 2026, 5:42 PM (IST)

जोधपुर। सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और यात्रियों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए जोधपुर में प्रशासन ने एक बड़ा कदम उठाया है। राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, पुलिस और परिवहन विभाग के संयुक्त निरीक्षण दल ने शहर में संचालित होने वाली लग्जरी एवं स्लीपर बसों का औचक निरीक्षण किया। इस औचक कार्रवाई से बस संचालकों में हड़कंप मच गया। जांच के दौरान सुरक्षा मानकों का गंभीर उल्लंघन पाए जाने पर कुल 8 बसों को मौके पर ही जब्त कर लिया गया और उनके नियमानुसार भारी-भरकम चालान बनाए गए।
संयुक्त निरीक्षण दल ने कार्रवाई के दौरान बसों के भीतर और बाहर कई महत्वपूर्ण तकनीकी बिंदुओं की बारीकी से जांच की। इसमें मुख्य रूप से आपातकालीन द्वार (इमरजेंसी एग्जिट), स्लीपर बर्थ के सुरक्षा मानक, बैठक क्षमता में नियमों के विपरीत किए गए अनधिकृत बदलाव, अवैध लगेज स्पेस (तय सीमा से अधिक सामान रखने की जगह) और बस की छत पर लगाए गए अनधिकृत लगेज कैरियर शामिल रहे।
जांच में सामने आया कि कई निजी बस संचालकों ने अधिक कमाई के चक्कर में बसों के मूल ढांचे और सुरक्षा मानकों में नियमों के विपरीत बड़े बदलाव कर रखे थे, जो यात्रियों की जान के लिए बड़ा खतरा साबित हो सकते थे।
परिवहन विभाग और पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस विशेष अभियान का मुख्य उद्देश्य यात्रियों की सुरक्षा को पुख्ता करना और यातायात नियमों की अवहेलना करने वाले वाहन स्वामियों को कड़ा संदेश देना है। विभाग ने चेतावनी दी है कि भविष्य में भी इस प्रकार का औचक निरीक्षण और सख्त दंडात्मक कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे