मंत्री अनुप्रिया पटेल के पति घिरे आरोपों में

www.khaskhabar.com | Published : शनिवार, 10 सितम्बर 2016, 9:46 PM (IST)

नई दिल्ली। केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल के पति पर सीपीडब्लूडी के दो कर्मचारियों ने घर में बंधक बनाने का आरोप लगाया है। शनिवार दोपहर मंत्री अनुप्रिया पटेल के पंडारा रोड स्थित घर सी-1/29 सीपीडब्लूडी के कर्मचारियों ने खुद को बंधक बनाने का आरोप लगाया।

आरोप है कि अनुप्रिया पटेल के पति आशीष ने घर में चल रहे काम को लेकर कर्मचारियों से बहस की और कमरे में बंद कर दिया। सीपीडब्लूडी के कर्मचारियों ने अपने वरिष्ठ अधिकारियों को फोन कर जानकारी दी और उन्होंने आकर इन्हें छुडाया।

दूसरी ओर अनुप्रिया पटेल के पति आशीष ने बंधक बनाने के आरोपों को सिरे से नकार दिया। उनका कहना था कि किसी को बंधक नहीं बनाया। वो कमरे में थे जब कहासुनी की आवाज आई। काम में ढिलाई को लेकर मंत्री जी के मातहत उन कर्मचारियों से बात कर रहे थे।