सहकार सप्ताह के अन्तर्गत हुआ भव्य आयोजन
जयपुर,। प्रदेश के सहकारिता मंत्री गौतम कुमार दक ने कहा कि सहकारिता केवल एक व्यवस्था नहीं, बल्कि ‘‘एक सबके लिए, सब एक के लिए‘‘ के सिद्धांत पर आधारित जनकल्याण की सशक्त विचारधारा है। सहकारिता के माध्यम से एकता, विश्वास एवं सामूहिक सहभागिता की शक्ति से प्रत्येक चुनौती का सफलतापूर्वक सामना किया जा सकता है तथा समावेशी एवं सतत विकास के लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है।
वे जयपुर स्थित कॉन्स्टीट्यूशन क्लब में आयोजित राज्य स्तरीय सम्मान समारोह को संबोधित कर रहे थे। समारोह में ‘‘सहकार से समृद्धि‘‘ अभियान के अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्रों में नवाचार, तकनीकी दक्षता तथा उत्कृष्ट कार्यों के माध्यम से आर्थिक एवं सामाजिक विकास में उल्लेखनीय योगदान देने वाले सहकारिता विभाग एवं सहकारी संस्थाओं के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सम्मानित किया गया।
सहकारिता मंत्री ने कहा कि प्रदेश के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की समर्पित कार्यशैली, परिश्रम एवं प्रतिबद्धता का ही परिणाम है कि राजस्थान आज ‘‘सहकार से समृद्धि‘‘ कार्यक्रम के प्रभावी क्रियान्वयन में देश के अग्रणी राज्यों में अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित कर चुका है।
इस अवसर पर शासन सचिव एवं रजिस्ट्रार, सहकारिता डा. समित शर्मा ने कहा कि सहकारिता हमें मिलकर कार्य करने, साथ आगे बढ़ने तथा सामूहिक प्रयासों से सफलता अर्जित करने की प्रेरणा देती है। उन्होंने कहा कि विभाग का लक्ष्य यह सुनिश्चित करना है कि विकास की इस यात्रा में कोई भी पीछे न छूटे। उन्होंने बताया कि ‘‘सहकार से समृद्धि‘‘ अभियान के अंतर्गत 114 से अधिक नवाचारों के माध्यम से प्रदेश में विकास की नई संभावनाओं को साकार किया जा रहा है।
समारोह के दौरान सांस्कृतिक संध्या का भी आयोजन किया गया, जिसमें अधिकारियों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गई तथा टीम भावना, सामूहिक सहयोग एवं उत्कृष्ट कार्य संस्कृति का संदेश दिया गया।
समारोह में बैंकिंग क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पी.के. नाग, वी.के. मिश्रा, सुमन मीणा, परेश पंड्या, आशीष गुप्ता, हरीश सिवासिया, मुकेश शर्मा, पी.सी. जाटव, दिनेश कुमार शर्मा, भंवर लाल, महेन्द्र पाल, सुनील वीरभान, रामअवतार शर्मा एवं शांति लाल को सम्मानित किया गया।
इसी प्रकार समर्थन मूल्य खरीद के क्षेत्र में विष्णुदत्त शर्मा, शंकर लाल धाकड़, राजन कुमार भारती एवं अनिरुद्ध देथा को प्रशस्ति-पत्र एवं स्मृति-चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया।
उपभोक्ता क्षेत्र में राजेन्द्र सिंह एवं श्री प्रमोद कुमार तथा खण्ड एवं इकाई स्तर पर बलविन्दर सिंह गिल, विभा खेतान, रणवीर सिंह परिहार, शिरीष वी. चांदे, शिवचरण विजय एवं सुरेन्द्र सिंह खंगारोत को सम्मानित किया गया।
इसके अतिरिक्त प्रधान कार्यालय स्तर पर आर.एस. जोधा, अजय उपाध्याय, कल्पना जोशी, वर्षा मीणा, मधु मीणा, किरण सोनी, बृजेन्द्र प्रसाद, गिरवर सिंह, रामरतन चौधरी एवं रामपाल को उत्कृष्ट सेवाओं के लिए प्रशस्ति-पत्र एवं स्मृति-चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया।
सहकारिता विभाग की प्रमुख उपलब्धियां
अपैक्स बैंक - पैक्स का कम्प्यूटरीकरण एवं ऋण वसूली में उल्लेखनीय सुधार
दिसम्बर, 2025 तक 2300 पैक्स को ई-पैक्स घोषित किया गया था, वहीं सहकारिता टीम ने मिशन मोड में कार्य करते हुए 30 जून, 2026 तक 5500 पैक्स को सफलतापूर्वक ई-पैक्स घोषित किया है।
साथ ही आॅन सिस्टम आॅडिट पैक्स में दिसम्बर, 2025 में 3500 पैक्स थीं, वह अब बढ़कर 30 जून, 2026 तक 5500 हो गई हैं। उल्लेखनीय है कि मार्च-अप्रैल, 2026 में हड़ताल के बावजूद उक्त उपलब्धि हमारी टीम की प्रतिबद्धता एवं सामूहिक प्रयासों का उत्कृष्ट उदाहरण है।
जिला केन्द्रीय सहकारी बैंकों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने देर रात तक क्षेत्र में रहकर अधिकतम ऋण वसूली सुनिश्चित करने के लिए निरंतर प्रयास किए। जहाँ गत वर्ष में 2.50 लाख किसानों से 865 करोड़ की राशि वसूली से शेष रही थी, वह इस वर्ष मात्र 218 करोड़ की राशि मात्र 63000 किसानों से वसूली योग्य ही शेष रही है। इस प्रकार वसूली का जो अंतर सामान्यतः रूपए 800-900 करोड़ रहता था, वहीं इस वर्ष इसे घटाकर लगभग रूपए 218 करोड़ तक लाना एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
राज्य सहकारी भूमि विकास बैंक (RSLDB) - ओटीएस (OTS) योजना
ओटीएस योजना में प्रभावी वसूली हेतु 30 जून, 2026 की देर रात्रि तक पीएलडीबी कार्मिकों द्वारा विशेष प्रयास किये गये, जिसके फलस्वरूप 361 करोड़ रूपए की वसूली की गई है जिसमें ऋण राहत लगभग 205 करोड़ रूपए की है जो कि 200 करोड़ के बजट लक्ष्य के विरूद्ध 102.3 प्रतिशत अधिक है। यह भी उल्लेखनीय है कि उक्त वसूली प्रतिशत गत वर्षों में लागू सभी ओटीएस योजनाओं के वसूली प्रतिशत में सर्वाधिक रहा है। इसके फलस्वरूप वर्ष 2025-26 में राज्य भूमि विकास बैंक 41 करोड़ के लाभ में रही है।
राजफैड - गेहूँ की रिकॉर्ड खरीद
इस वर्ष राजफैड द्वारा रबी 2026 सीजन में गेहूँ की रेकार्ड खरीद की है। गत रबी सीजन में 34 खरीद केन्द्रों पर 5500 किसानों से 142 करोड़ रूपए राशि के 55,300 मीट्रिक टन गेहूँ खरीदा गया था, उसकी तुलना में इस रबी सीजन में 110 खरीद केन्द्रों पर 40,300 किसानों से 800 करोड़ रूपए राशि के 2,92,500 मीट्रिक टन गेहूँ खरीदा गया है, जो कि पिछले वर्ष की तुलना में 5.50 गुना अधिक है।
सहकार से समृद्धि
गोदाम निर्माण एवं विश्व की सबसे बड़ी अनाज भंडारण योजना -
राजस्थान विश्व की सबसे बड़ी अनाज भंडारण योजना के क्रियान्वयन में उल्लेखनीय प्रगति करते हुए देश में Leading State बना हुआ है। वर्तमान में 500 मी.ट. के 120 गोदाम एवं 100 मी.ट. के 42 गोदामों का निर्माण किया जाकर राज्य की पैक्स एवं केवीएसएस में कुल 64 हजार दो सौ मीट्रिक टन भंडारण क्षमता सृजित की जा चुकी है।
आगामी तीन वर्षों में इस क्षमता का और विस्तार किया जाएगा। साथ ही, राजस्थान स्टेट वेयरहाउसिंग कॉरपोरेशन (RSWC), NCCF, NAFED एवं अन्य संस्थाओं के साथ समन्वय स्थापित कर भंडारण सुविधाओं का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित किया जाएगा। निर्माणाधीन एवं नवीन स्वीकृत गोदामों पर भी तीव्र गति से कार्य किया जा रहा है।
सहकार वन -एक अन्य ऐतिहासिक उपलब्धि के रूप में जयपुर में 62.53 एकड़ भूमि सहकार वन के विकास हेतु आवंटित की गई है। इसे हरित, आकर्षक एवं पर्यावरण-अनुकूल सार्वजनिक स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा। अमूल, जयपुर विकास प्राधिकरण (JDA) तथा सहकारिता विभाग के संयुक्त प्रयासों से आगामी एक वर्ष में इसका विकास किया जाएगा।
भारत टैक्सी परियोजना -
‘‘भारत टैक्सी‘‘ सहकारी मॉडल की एक अभिनव पहल है, जिसका उद्देश्य आमजन को गुणवत्तापूर्ण एवं किफायती परिवहन सेवाएँ उपलब्ध कराना है। यह सेवा वर्तमान में परीक्षण चरण में है तथा शीघ्र ही राज्यभर में औपचारिक रूप से प्रारम्भ की जाएगी। अब तक 28,800 से अधिक वाहन पंजीकृत हो चुके हैं तथा जयपुर में प्रतिदिन 500 से अधिक सफल राइड्स संचालित हो रही हैं।
ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे