आंगनबाड़ी महिलाकर्मियों ने कहा- रोटी दो या मौत

www.khaskhabar.com | Published : शनिवार, 10 सितम्बर 2016, 4:23 PM (IST)

रोटी दो या मौत नारे के साथ आंगनबाड़ी महिलाकर्मियों ने जमकर प्रदर्शन किया। नियमितीकरण और मानदेय बढ़ाने को लेकर सैकड़ों की संख्या में एकत्र हुई आंगनबाड़ी महिलाओं ने प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कानपुर के बृजेन्द्र स्वरूप पार्क में प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी करने वाली ये महिलाएं आंगनवाड़ी कार्यकर्मी हैं। आंगनबाड़ी कार्यकर्मियों का मानदेय मात्र तीन हजार रुपये है। प्रदर्शन कर रही आंगनबाड़ी महिलाकर्मी इस मानदेय को बढ़ाने की मांग कर रही हैं।

प्रदर्शन कर रही महिलाकर्मी शोभा शुक्ला का कहना है कि हमारा मानदेय मात्र तीन हजार रुपया है जिससे गुजारा नहीं हो पा रहा है। महिलाकर्मियों की मांग है कि या तो हमको राज्य कर्मचारी घोषित किया जाए अगर घोषित नहीं करते हैं तो मानदेय बढ़ाया जाए। राज्य सरकार हमसे जो दूसरे काम करवाती है उसको बंद करे। हम सिर्फ आंगनबाड़ी का काम करेंगे। आंगनवाड़ी में जो कुपोषित बच्चे होते हैं हम लोग उनकी देखभाल नहीं कर पाते क्योंकि दो-तीन दिन बाद हमारी ड्यूटी लगा दी जाती है।

रोटी दो या मौत नाम की टोपी लगाकर प्रदर्शन कर रही आंगनबाड़ी महिलाकर्मी अपर्णा का कहना है कि प्रदेश सरकार को शायद यह नहीं पता की महंगाई कितनी बढ़ चुकी है। अपर्णा ने मुख्यमंत्री और विधायकों पर तंज कसते हुए कहा कि हमको मात्र तीन हजार रुपये मिलता है जबकि मुख्यमंत्री और विधायकों की सैलरी काफी ज्यादा है। आंगनबाड़ी महिलाकर्मियों का कहना है कि अगर हम लोगों का नियमितीकरण नहीं किया जा सकता तो आंगनबाड़ी संस्था को बंद कर दिया जाए।