झुंझुनूं । जयपुर सहित कई बड़े शहरों के लिए झुंझुनूं से हवाई सफर की शुरूआत जल्द ही हो सकती है। इसके लिए शनिवार को सुप्रीम एयरलाइंस का विमान बतौर ट्रायल पहली बार झुंझुनूं की हवाई पट्टी पर उतरा। ट्रायल के दौरान एयरलाइंस के चेयरमैन व प्रबंध निदेशक कमल अग्रवाल अपने परिवार के साथ थे। उन्होंने बताया कि राजस्थान सरकार से एमओयू हुआ है। जयपुर से दो शहरों के लिए फ्लाइट शुरू कर दी गई है। जल्द ही झुंझुनूं को भी अन्य शहरों से डेली हवाई सफर से जोड़ा जाएगा। साथ ही बताया कि गुरुवार से राजस्थान में एयरलाइंस का हवाई सफर शुरू हो गया है।
जोधपुर और उदयपुर के लिए भी जयपुर से फ्लाइट
बता दें कि जयपुर से जोधपुर व उदयपुर के लिए सप्ताह के छह दिन फ्लाइट की व्यवस्था की गई है। कमल अग्रवाल ने बताया कि एयरलाइंस जल्द ही झुंझुनूं को देश की राजधानी सहित चार बड़े शहरों से जोड़ा जाएगा। उन्होंने बताया कि राजस्थान सरकार से एग्रीमेंट हो चुका है। जल्द ही जयपुर, जोधपुर, बीकानेर, उदयपुर को जोड़ा जा रहा है। अगर लोगों की डिमांड रही तो देश के अन्य शहरों के लिए भी हवाई सफर शुरू कर दी जाएगी।