कांग्रेस लौटाएगी जाकिर नाइक के 50 लाख

www.khaskhabar.com | Published : शनिवार, 10 सितम्बर 2016, 1:45 PM (IST)

इस्लामिक रिसर्च फांउडेशन के संस्थापक और अध्यक्ष जाकिर नाइक द्वारा राजीव गांधी फाउंडेशन में दिए गए 50 लाख रुपये के चंदे को फाउडेंशन वापस लौटाएगी। दरअसल राजीव गांधी फाउंडेशन में जाकिर नाइक से चंदा लेने के बाद कांग्रेस चारों तरफ से घिरती नजर आ रही थी और उसका जवाब देना मुश्किल हो गया था। जिसके कारण राजीव गांधी फाउंडेशन ने चंदा वापस करने का निर्णय लिया है।

दरअसल युवाओं को आतंकवाद के लिए भड़काने और गैर कानूनी तरीके से धर्म परिवर्तन को लेकर आरोपों से घिरे मुस्लिम धर्मगुरु जाकिर नाइक ने अपनी संस्था इस्लामिक रिसर्च फाउंडेशन की ओर से साल 2011 में राजीव गांधी फाउंडेशन को 50 लाख रुपये का चंदा दिया था। नाइक के जांच एजेंसियों के घेरे में आने के बाद जुलाई के महीने में फाउंडेशन ने यह बड़ी रकम वापस करने का फैसला लिया है।

मामले में बीजीपी नेता आरपी सिंह ने ट्वीट कर कांग्रेस पर निशाना साधा है। आरपी सिंह ने ट्वीट कर कहा है कि जब जाकिर नाइक की जांच तेज हो गई तब कांग्रेस पैसे वापस लौटाने की बात कर रही है। उन्होंने ये भी लिखा कि अब समझ में आ रहा है कि दिग्विजय सिंह ने जाकिर नाइक को मैन ऑफ पीस क्यों कहा था।

आपको बता दें कि ढाका में हुए आतंकी हमले के बाद से ही जाकिर नाइक की जांच हो रही है। केंद्रीय गृह मंत्रालय की ओर से इस्लामिक रिसर्च फांउडेशन को मिले चंदे की जांच की जा रही है। इस्लामिक रिसर्च फांउडेशन को सऊदी अरब, कतर, यूनाइटेड किंगडम, अमेरिका और यूएई जैसे कई देशों से फंड मिले हैं।