जयपुर। राजस्थान सरकार के कार्मिक विभाग ने राज्य के सभी सरकारी कर्मचारियों (राजसेवकों) के लिए एक बेहद महत्वपूर्ण आदेश जारी किया है। सरकार ने उन सभी कर्मचारियों को एक अंतिम अवसर दिया है, जिन्होंने पिछले वर्षों के अपने कार्य मूल्यांकन प्रतिवेदन (ACR) अभी तक ऑनलाइन नहीं भरे हैं। इसके लिए सरकार ने नियमों में ढील देते हुए पोर्टल को दोबारा खोल दिया है।
शासन सचिव अर्चना सिंह द्वारा जारी आधिकारिक परिपत्र के अनुसार, यह आदेश तुरंत प्रभाव से लागू कर दिया गया है।
30 जून 2026 तक अनिवार्य रूप से भरना होगा ब्यौरा
परिपत्र के अनुसार, जिन राजसेवकों के पिछले वर्षों के कार्य मूल्यांकन प्रतिवेदन किसी भी कारण से राजकाज एसीआर पोर्टल पर ऑनलाइन दर्ज होने से रह गए थे, वे अब 01 जून 2026 से 30 जून 2026 तक इन्हें ऑनलाइन भर सकते हैं। सरकार ने साफ किया है कि यह कर्मचारियों के लिए एक अंतिम मौका है, इसलिए इस तय समय सीमा के भीतर सभी को अनिवार्य रूप से अपना ब्यौरा ऑनलाइन सबमिट करना होगा।
'ऑटो फॉरवर्ड अप्रूवल' प्रणाली का है प्रावधान
परिपत्र में यह भी याद दिलाया गया है कि पूर्व में जारी नियमों के तहत, यदि किसी कर्मचारी द्वारा समय पर राजकाज पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन कार्य मूल्यांकन प्रतिवेदन भर दिया जाता है, और संबंधित सक्षम अधिकारी तय समय सीमा में उस पर अपनी टिप्पणी या अंकन नहीं करते हैं, तो ऐसी स्थिति में वह प्रतिवेदन 'Auto forward approval' प्रणाली के तहत अपने आप आगे बढ़ जाएगा।
उच्च अधिकारियों को मॉनिटरिंग के निर्देश
कार्मिक विभाग ने राज्य के सभी प्रशासनिक विभागों के अतिरिक्त मुख्य सचिव, प्रमुख शासन सचिव, शासन सचिव, विभागाध्यक्षों और सभी जिला कलक्टरों को कड़े निर्देश दिए हैं। उन्हें पाबंद किया गया है कि वे अपने अधीन काम करने वाले सभी कर्मचारियों के पेंडिंग कार्य मूल्यांकन प्रतिवेदन को तय समय सीमा (30 जून) में भरवाना सुनिश्चित करने के लिए अपने स्तर पर भी जरूरी दिशा-निर्देश जारी करें।
हेल्पलाइन और तकनीकी सहायता:
कार्मिक विभाग द्वारा जारी कार्य मूल्यांकन अनुदेश और इससे जुड़े पुराने परिपत्र विभाग की आधिकारिक वेबसाइट https://dop.rajasthan.gov.in पर देखे जा सकते हैं।
राजकाज पोर्टल पर ऑनलाइन फॉर्म भरने में यदि कोई तकनीकी समस्या आती है, तो सहायता के लिए राजकाज हेल्पडेस्क नंबर 0141-29-22281 या 21149 पर भी संपर्क किया जा सकता है।
ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे