लालसोट समाचार : तपती धूप में गौ माताओं का सहारा बना जनता गौ रक्षा दल, निस्वार्थ सेवा की मिसाल

www.khaskhabar.com | Published : शनिवार, 20 जून 2026, 2:09 PM (IST)

लालसोट। जब भीषण गर्मी में इंसान भी घरों से बाहर निकलने से बचता है, उस समय कोचर के दुर्गम पहाड़ों पर भूख और प्यास से बेहाल हजारों गौ माताओं की सेवा के लिए जनता गौ रक्षा दल लालसोट के गौ सेवक रोजाना निकल पड़ते हैं। झुलसाती धूप, पथरीले रास्ते और कठिन पहाड़ी सफर भी इनके सेवा भाव के आगे बाधा नहीं बन पाते। यही कारण है कि यह दल आज क्षेत्र में मानवता, करुणा और जीव प्रेम की जीवंत मिसाल बन चुका है।
पिछले लगभग चार वर्षों से संस्था के सदस्य हर वर्ष 15 मई से 15 जुलाई तक पपलाज माता से आगे करीब 30 किलोमीटर दूर पहाड़ी क्षेत्रों में पहुंचकर गौवंश के लिए हरा चारा, ज्वार, सब्जियां और फल उपलब्ध करा रहे हैं। गर्मी के मौसम में जब पहाड़ों पर चारे और पानी का संकट गहरा जाता है, तब यह सेवा हजारों बेजुबान पशुओं के लिए जीवनदान साबित होती है।
गौ सेवकों का कहना है कि जब वे भूखी-प्यासी गौ माताओं को चारा खाते और पानी पीते देखते हैं, तो उन्हें आत्मिक संतोष की अनुभूति होती है। यही संतोष उन्हें हर दिन नई ऊर्जा देता है और सेवा के लिए प्रेरित करता है। पर्याप्त वर्षा होने और प्राकृतिक चारे की व्यवस्था बनने तक यह अभियान निरंतर जारी रहता है। इस सेवा कार्य पर प्रतिदिन लगभग 4 से 5 हजार रुपये खर्च होते हैं, जिसका वहन मुख्य रूप से संस्था के अध्यक्ष ब्रजमोहन पार्षद और गौ सेवक जीतू जी द्वारा किया जाता है।
मानवीय संवेदनाओं से जुड़ा यह अभियान केवल चारा पहुंचाने तक सीमित नहीं है। पिछले 8 से 9 वर्षों से संस्था व्हाट्सएप हेल्प ग्रुप के माध्यम से घायल, बीमार और दुर्घटनाग्रस्त गौवंश के उपचार का कार्य भी कर रही है। कहीं भी किसी घायल गौ माता की सूचना मिलते ही टीम के सदस्य दिन हो या रात, तुरंत मौके पर पहुंच जाते हैं। कई बार आधी रात को भी गौ सेवक उपचार और बचाव के लिए निकल पड़ते हैं।
ब्रजमोहन पार्षद, जीतू जी, सागर शर्मा, मोनू दास स्वामी, सचिन व्यास, रवि स्वामी, यशपाल सैनी, विजय सैनी, विकास सैनी, ओमप्रकाश लाका, राजेश सैनी, कमल सैनी, छोटू सैनी और अंकुश जोरवाल सहित अनेक गौ सेवक इस अभियान में निरंतर सक्रिय हैं। इनकी निस्वार्थ सेवा ने समाज में यह संदेश दिया है कि संवेदनशीलता केवल मनुष्यों तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि हर जीव के प्रति दया और करुणा का भाव होना चाहिए।
आज जब स्वार्थ और भागदौड़ भरी जिंदगी में लोग अपने लिए समय निकालना भी कठिन समझते हैं, ऐसे दौर में जनता गौ रक्षा दल लालसोट के ये गौ सेवक बेजुबान पशुओं की सेवा कर मानवता का ऐसा अध्याय लिख रहे हैं, जो समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गया है। उनकी यह सेवा न केवल गौ संरक्षण का कार्य है, बल्कि जीव मात्र के प्रति प्रेम, करुणा और सामाजिक उत्तरदायित्व का सशक्त संदेश भी है।



निःशुल्क कौशल विकास शिविरों में 400 से अधिक युवा सीख रहे आत्मनिर्भरता के गुर


लालसोट। अनुराग सेवा संस्थान, लालसोट द्वारा संस्थान के स्थापना वर्ष के 31 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित "अनुराग-31" सेवा अभियान के तहत संचालित निःशुल्क कौशल विकास प्रशिक्षण शिविरों में 400 से अधिक बालक-बालिकाएं विभिन्न जीवनोपयोगी एवं रोजगारपरक कौशलों का प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं।
संस्थान द्वारा राजस्थान राज्य भारत स्काउट एवं गाइड के तत्वावधान में दौसा जिले के तीन प्रमुख केंद्रों—स्काउट गाइड जिला मुख्यालय दौसा, महात्मा गांधी विद्यालय हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी दौसा तथा राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय लालसोट—में प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।
संस्थान का उद्देश्य बालक-बालिकाओं की अंतर्निहित प्रतिभाओं को निखारना, उन्हें आत्मनिर्भर बनाना तथा वर्तमान समय की रोजगार आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करना है। शिविरों में प्रतिभागियों को सैद्धांतिक ज्ञान के साथ व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है, जिससे उनमें आत्मविश्वास का विकास हो रहा है और स्वरोजगार के नए अवसर खुल रहे हैं।
शिविरों में आत्मरक्षा, सिलाई, मेहंदी, ब्यूटिशियन, पार्लर प्रबंधन, नृत्य, संगीत, योग एवं क्रोशिया जैसे विभिन्न कौशलों का प्रशिक्षण विशेषज्ञ प्रशिक्षकों द्वारा प्रदान किया जा रहा है। संस्थान का मानना है कि ऐसे प्रशिक्षण केवल रोजगार तलाशने वाले युवाओं को ही नहीं, बल्कि भविष्य के उद्यमियों को भी तैयार करते हैं, जो स्वयं का व्यवसाय स्थापित कर दूसरों को रोजगार देने में सक्षम बन सकते हैं।
राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय लालसोट में आत्मरक्षा का प्रशिक्षण अनुराधा सोनी, नृत्य का प्रशिक्षण सोनाली साहू, मेहंदी का प्रशिक्षण पायल सैनी, ब्यूटिशियन का प्रशिक्षण राधा खांडल एवं उमेश पहाड़िया तथा सिलाई का प्रशिक्षण निर्मला पारीक, सुनीता कुमारी और ममता सैन द्वारा दिया जा रहा है।
वहीं महात्मा गांधी विद्यालय हाउसिंग बोर्ड, दौसा में योग का प्रशिक्षण नरेश शर्मा, नृत्य का प्रशिक्षण रानी खंडेलवाल, सिलाई का प्रशिक्षण आशा सैनी, मेहंदी का प्रशिक्षण गरिमा शर्मा, रोशनी महावर एवं आचुकी मीना, ब्यूटिशियन का प्रशिक्षण विदिता सैनी, संगीत गायन का प्रशिक्षण पूनम जांगिड़ तथा क्रोशिया का प्रशिक्षण अनन्या रावत द्वारा दिया जा रहा है। दौसा शिविर के प्रभारी संजीव रावत तथा लालसोट शिविर के प्रभारी महेंद्र साहू हैं।


अग्निकांड से उजड़े आशियानों पर पहुंचे विधायक, पीड़ित परिवारों को दिया संबल

लालसोट। उपखंड क्षेत्र के बगड़ी ग्राम की माली ढाणी में हुए भीषण अग्निकांड के बाद विधायक रामविलास मीणा पीड़ित परिवारों के बीच पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लेकर उनकी पीड़ा सुनी। आग की इस घटना में कई परिवारों के झोपड़े जलकर राख हो गए, जिससे उनके सामने रहने और जीवनयापन का गंभीर संकट खड़ा हो गया है।
पीड़ितों ने विधायक को बताया कि 11 हजार केवी विद्युत लाइन में हुई स्पार्किंग के कारण आग लगी, जिसने देखते ही देखते झोपड़ों को अपनी चपेट में ले लिया। आग से घरेलू सामान, अनाज, कपड़े और अन्य आवश्यक वस्तुएं जलकर नष्ट हो गईं। पीड़ित परिवारों के अनुसार इस हादसे में लगभग पांच लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
घटनास्थल पर पहुंचे विधायक रामविलास मीणा ने प्रभावित परिवारों को ढांढस बंधाते हुए कहा कि संकट की इस घड़ी में वे उनके साथ खड़े हैं। उन्होंने मौके से ही संबंधित अधिकारियों से दूरभाष पर बात कर मामले की जांच करवाने तथा नियमानुसार राहत एवं सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। विधायक ने आश्वस्त किया कि पीड़ित परिवारों को हर संभव सहायता दिलाने का प्रयास किया जाएगा।
अग्निकांड के बाद क्षेत्र के लोगों ने भी मानवीय संवेदनाओं का परिचय देते हुए प्रभावित परिवारों की आर्थिक सहायता की। ग्रामीणों ने जरूरत का सामान उपलब्ध कराकर पीड़ितों का हौसला बढ़ाया।
इस दौरान कमलेश बंजारा, सोनू बिनोरी, डॉक्टर शंभू लाल कुईवाला, रामप्रसाद मीणा सहित अनेक ग्रामीण उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की कि अग्निकांड से प्रभावित परिवारों को शीघ्र राहत प्रदान कर उनके नुकसान की भरपाई की जाए, ताकि वे दोबारा अपना जीवन सामान्य रूप से शुरू कर सकें।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे