संमिधा संस्थान की पहल लाई रंग : दृष्टिबाधित छात्र शंभू लाल मीणा बने सरकारी कर्मचारी, बगेड़ी उपकेंद्र में संभाला कार्यभार

www.khaskhabar.com | Published : शनिवार, 20 जून 2026, 1:03 PM (IST)

उदयपुर। उदयपुर के सेक्टर-14 में संचालित "संमिधा दृष्टि दिव्यांग मिशन" की वर्षों की तपस्या आज एक बार फिर कामयाबी के रूप में सामने आई है। संस्थान के छात्रावास में पिछले चार वर्षों से रहकर पढ़ाई कर रहे दृष्टिबाधित छात्र शंभू लाल मीणा ने पशु परिचर भर्ती परीक्षा में शानदार सफलता हासिल की है। शंभू लाल ने आज राजकीय पशु चिकित्सालय उपकेंद्र, बगेड़ी (लसाड़िया) में पशु परिचर के पद पर आधिकारिक रूप से कार्यग्रहण कर अपनी सरकारी सेवा की शुरुआत की।
कार्यग्रहण के इस भावुक और गौरवमयी पल के दौरान लसाड़िया की BVHO प्रभारी श्रीमती सोनल कुमारी कोटेड ने उन्हें पदभार ग्रहण कराया। इस ऐतिहासिक मौके पर अस्पताल स्टाफ के सदस्य सांवरचंद मीणा, संगीता मीणा, महेंद्र चौधरी सहित शंभू लाल मीणा के पिता नाथा मीणा और भाई प्रकाश मीणा भी मौजूद रहे।
संस्थान के अध्यक्ष डॉ. चंद्रगुप्त सिंह चौहान ने शंभू लाल को बधाई देते हुए कहा कि उनकी इस अभूतपूर्व सफलता ने छात्रावास में रह रहे अन्य दृष्टिबाधित विद्यार्थियों में एक नया उत्साह, ऊर्जा और आत्मविश्वास फूंक दिया है। अब संस्थान के अन्य छात्र भी पूरी लगन के साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में जुट गए हैं और सरकारी सेवा में जाने का लक्ष्य लेकर आगे बढ़ रहे हैं।
डॉ. चौहान ने संस्थान के संघर्ष के दिनों को याद करते हुए बताया कि चार साल पहले तक उदयपुर संभाग में दृष्टिबाधित विद्यार्थियों के लिए ऐसी कोई आवासीय व्यवस्था उपलब्ध नहीं थी।
निःशुल्क छात्रावास की शुरुआत: इस कमी को दूर करने के लिए संमिधा संस्थान ने नगर निगम से एक अस्थायी भवन प्राप्त कर इस निःशुल्क छात्रावास की नींव रखी थी।
वर्तमान स्थिति: आज इस छात्रावास में लगभग 25 दृष्टिबाधित छात्र रहकर विभिन्न कॉलेजों में उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं और साथ ही सरकारी नौकरियों की तैयारी में जुटे हैं।
संस्थान के समर्पित स्वयंसेवकों के निरंतर सहयोग और मार्गदर्शन का ही नतीजा है कि यहाँ से पढ़ने वाले कई छात्र आज आत्मनिर्भर होकर सरकारी सेवाओं में अपनी भूमिका निभा रहे हैं। डॉ. चौहान ने गर्व से बताया कि छात्रावास से लगभग हर साल दो से तीन विद्यार्थियों का सरकारी नौकरी में चयन होना पूरे संस्थान के लिए अत्यंत गौरव और प्रेरणा का विषय है। संमिधा संस्थान का यह अनूठा प्रयास आज समाज के लिए एक बड़ी मिसाल बन चुका है।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे