न्यूयॉर्क। स्विट्जरलैंड के दिग्गज टेनिस खिलाड़ी स्टान वावरिंका और सर्बिया के स्टार खिलाड़ी नोवाक जोकोविक के बीच वर्ष के चौथे ग्रैंडस्लैम टूर्नामेंट अमेरिकी ओपन की खिताबी भिड़ंत होगी। टूर्नामेंट में शुक्रवार को हुए मुकाबले में तीसरी वरीय वावरिंका ने जापान के केई निशिकोरी को 4-6, 7-5, 6-4, 6-2 से मात देते हुए फाइनल में जगह बनाई।
दोनों खिलाड़ियों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली। हालांकि तीसरी वरीयता
प्राप्त वावरिंका छठी वरीयता प्राप्त निशिकोरी पर भारी पड़े। निशिकोरी पहले
सेट में बाजी मारने में सफल रहे। इसके बाद अगले तीन सेट में वावरिंका का
दबदबा देखने को मिला। अंतिम सेट में तो वावरिंका ने निशिकोरी को बिल्कुल भी
नहीं टिकने दिया। निशिकोरी ने क्वार्टर फाइनल में ब्रिटेन के एंडी को मात
दी थी।
अमेरिकी ओपन का फाइनल मुकाबला रविवार को वावरिंका और जोकोविक के
बीच खेला जाएगा। शुक्रवार को ही खेले गए पहले सेमीफाइनल में मौजूदा विजेता
जोकोविक ने टूर्नामेंट के 10वीं वरीय फ्रांस के गेल मोंफिल्स को 6-3, 6-2,
3-6, 6-2 से मात दी थी। यह मुकाबला भी चार सेट तक खिंचा।
शुरुआती दोनों
सेट जीतने के बाद दुनिया के नंबर एक खिलाड़ी जोकोविक ने तीसरा सेट गंवा
दिया। हालांकि जोकोविक ने ज्यादा देर कोताही नहीं बरती और जल्दी ही ट्रैक
पर लौटकर चौथे सेट में अपनी बादशाहत साबित करते हुए मैच पर कब्जा जमा लिया।
फाइनल में जोकोविक पलड़ा भारी माना जा रहा है, क्योंकि उनका वावरिंका के
खिलाफ 19-4 का रिकॉर्ड है।
जोकोविक की नजर करिअर के 13वें और इस साल के तीसरे ग्रैंडस्लैम खिताब पर रहेगी। 29 वर्षीय जोकोविक ने दो बार वर्ष 2011 और 2015 में यूएस ओपन का खिताब भी जीता है। जोकोविक को चौथे सेट में कंधों के इलाज के लिए कुछ ब्रेक भी लेना पड़ा। दूसरी ओर, वर्ष 2014 के ऑस्ट्रेलियन ओपन और वर्ष 2015 के फ्रेंच ओपन चैंपियन वावरिंका पहली बार यूएस ओपन के फाइनल में पहुंचे हैं।