जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री ने राजसमंद झील को विकसित करने के दिए निर्देश

www.khaskhabar.com | Published : शुक्रवार, 09 सितम्बर 2016, 11:14 PM (IST)

राजसमंद। जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री किरण माहेश्वरी ने शुक्रवार को पुरातत्व, सार्वजनिक निर्माण विभाग, पर्यटन एवं जनप्रतिनिधियों के साथ राजसमंद की ऐतिहासिक नौचोकी झील एवं ऐतिहासिक स्थलों का अवलोकन किया।

नौचोकी पर जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री ने झील की टूटी-फूटी सीढिय़ों की मरम्मत, गार्डन के विकास, सार्वजनिक निर्माण विभाग के कार्यालय को अन्यत्र स्थानांतरित कर पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने, केफेटेरिया लगाने, लाइट एवं साउंड कार्यक्रम शुरू करने तथा पाल को सुंदर बनाने के लिए पुरातत्व अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा की। मंत्री के विस्तृत निर्देश पर अधिकारियों ने आश्वस्त किया कि इसका नक्शा एवं प्लान उपलब्ध हो गया है और इन पर शीघ्र कार्रवाई शुरू हो जाएगी।

राजसमंद झील को सुंदर पर्यटन की दृष्टि से सबसे श्रेष्ठ स्थल के रूप में विकसित करने के लिए मंत्री ने अधिकारियों से कहा कि केन्द्रीय पर्यटन मंत्री से इस संबंध में विस्तृत चर्चा हुई है। मंत्री एवं अधिकारियों ने इसके बाद दयालशाह किला का अवलोकन किया तथा अन्नपूर्णा मंदिर से नौचोकी एवं वहां से दयालशाह किला तक रोपवे चलाने के लिए उपयुक्त स्थल पाया। इरिगेशन पाल का निरीक्षण कर द्वारकाधीश मंदिर के पीछे तक रिंग रोड बनाने, घाट को विकसित करने आदि पर भी अधिकारियों को निर्देश दिए गए। इस अवसर पर नगरपरिषद सभापति सुरेश पालीवाल, महेश आचार्य, नगरपरिषद आयुक्त बृजेश रॉय, सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता श्रीवर्मा, जेके टायर के प्रबंधक थॉमस, सहायक पर्यटन अधिकारी सुजीत जोशी एवं अधिकारी मौजूद रहे।